मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

22 नवंबर 2010

चंडीगढ़ःआधा दर्जन फाइव स्टार, नौकरियां लाएंगे 5 हजार

चंडीगढ़. शहर में करीब आधा दर्जन फाइव स्टार होटल बन रहे हैं। इनमें से कुछ इस साल, तो कुछ अगले साल शुरू हो जाएंगे। होंटलों के कंपीटिशन का सीधा फायदा ग्राहकों को मिलेगा और शहर मेजबानी के नए तौर तरीकों से रूबरू होगा। नए होटलों में लाइव किचन और सी इन सर्विस जैसी वैल्यू एडिड सेवाएं मिलेंगी।

इन होटलों के शुरू होने पर करीब पांच हजार युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार के अवसर हासिल होंगे। होटलों में जनरल मैनेजर, फ्लोर मैनेजर, शेफ, रिसेप्शन, बैंक्वेट इंचार्ज से लेकर सिक्योरिटी जैसे कई पदों पर जॉब के मौके मिलेंगे।

द ललित, आईटी पार्क
यह होटल चार एकड़ एरिया में ग्रैंड ग्रुप की तरफ से बनाया जा रहा है। प्रोजेक्ट मैनेजर राम गोपाल लूथरा के मुताबिक होटल की ओपनिंग अगले साल जुलाई से पहले करने का टारगेट है। इसमें 187 कमरों के अलावा 1000 लोगों के बैठने के लिए कन्वेंशन हाल, 10 हजार फुट का कमर्शियल एरिया, स्विमिंग पूल, स्पा, जिम, 7000 वर्ग फुट की नाइट बार, मिनी कन्वेंशनल सेंटर, ब्लूची रेस्टोरेंट होगा। यहां 100 कारों की ग्राउंड फ्लोर पार्किग के अलावा दो बेसमेंट में पार्किग बनाई गई है, जिनमें 300 से ज्यादा गाड़ियां खड़ी हो सकेंगी।

होटल हयात रिजेंसी, इंडस्ट्रियल एरिया
लार्सन एंड टूब्रो की ओर से हयात रिजेंसी ग्रुप के सहयोग से इंडस्ट्रियल एरिया के 3 एकड़ एरिया में फाइव स्टार होटल का निर्माण किया जा रहा है। एलएंडटी के पास यहां 20 एकड़ जमीन है। होटल के साथ ही 11 लाख वर्ग फुट का रिटेल मॉल, 4 लाख वर्ग फुट में ऑफिस स्पेस बनाई जाएगी। रिटेल मॉल और ऑफिस स्पेस 2011 के अंत तक और होटल मार्च, 2012 तक पूरा करने का टारगेट तय किया गया है।

चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अवध वशिष्ट के मुताबिक यहां 5,000 गाड़ियों की पार्किग के लिए अत्याधुनिक सुविधा होगी। होटल में 225 कमरों के अलावा बैंक्वेट हॉल, स्पा, जिम, कॉफी शॉप, रेस्टोरेंट सहित फाइव स्टार में होने वाली तमाम सुविधाएं होंगी। दिल्ली के बाद हयात रिजेंसी का उत्तर भारत में बन रहा यह पहला होटल है।

मौर्या शेरेटन, इं. एरिया
इस होटल का निर्माणकार्य जोर शोर से चल रहा है और इसे 2011 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह होटल भी फाइव स्टार होगा जिसमें पर्यटकों व खाने पीने के शौकीन शहरवासियों के लिए तमाम सुविधाएं होंगी। 170 कमरों वाला यह होटल इंडस्ट्रियल एरिया के फेज 2 में बन रहा है।

सिटको भी तैयार
नए होटल्स का मुकाबला करने के लिए सिटको होटल भी तैयार हैं। सिटको प्रबंधकों के मुताबिक फाइव स्टार होटल माउंटव्यू, पार्क व्यू को अपग्रेड करने के बाद शिवालिक व्यू की रेनोवेशन चल रही है। इंडस्ट्रियल एरिया फेज एक में नया बजट होटल बनाने की भी योजना है। सिटको के पास यहां तीन एकड़ जमीन है।

जेडब्ल्यू मेरियट होटल, सेक्टर 35
निर्माणकार्य अंतिम चरण में है। 2.63 एकड़ में बना यह होटल मार्च, 2011 तक शुरू हो जाने की उम्मीद है। इसमें 165 कमरों के अलावा 37 एग्जीक्यूटिव रूम, 4 स्यूट्स और एक प्रेजिडेंशियल स्यूट बनाया गया है। इसके अलावा दो रेस्टोरेंट, 750 लोगों की क्षमता का बैंक्वेट हॉल, पूल बार, लॉन्ज, स्पा, जिम भी बनाया गया है। पांचवीं मंजिल पर रूफ टॉप स्विमिंग पूल होगा। दो किचन में से एक में इंडियन कूजीन और दूसरे में इंटरनेशनल डिश तैयार होंगी। यहां इंडियन और इटैलियन रेस्टोरेंट के अलावा 24 घंटे खुला रहने वाला रेस्टोरेंट भी बनेगा।

होटल जेम्स प्लाजा, सेक्टर 17
होटल बनकर तैयार है। फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है। सेक्टर 17 में होटल ताज के साथ लगते प्लॉट में बने इस फाइव स्टार होटल में बार, कॉफी हाउस, इंडियन और चाइनीज रेस्टोरेंट भी बनाया गया है। फस्र्ट फ्लोर पर पूल साइड रेस्टोरेंट है। होटल प्रबंधकों के मुताबिक नए साल से पहले होटल शुरू करने की योजना है(संजीव रामपाल,दैनिक भास्कर,चंडीगढ़,22.11.2010)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।