मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

23 नवंबर 2010

सुखाड़िया विविःआरक्षण नियमों की अनदेखी पर घेराव,प्रदर्शन

सुखाडिया विश्वविद्यालय में भर्ती में कथित रूप से आरक्षण नियमों की पालना नहीं करने के खिलाफ जनजाति वर्ग के छात्रों ने आंदोलन करते हुए सोमवार को तीन घंटे तक सुविवि प्रशासनिक भवन के बाहर प्रदर्शन किया व रजिस्ट्रार का घेराव किया।

राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति छात्र संगठन सम्भागीय अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि सुखाडिया विश्वविद्यालय में हाल ही शैक्षिक पदों के लिए निकाली गई भर्ती के विज्ञापन में अनुसूचित जनजाति के पद ही गायब कर दिए गए। सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में राजस्थान सरकार की ओर से दिए गए आदेशों में जनजाति वर्ग के ज्यादा पद दर्शाए गए हैं, जबकि निकाले गए विज्ञापनों में यह कम थे। इससे क्षुब्ध संभागभर के छात्रों ने सुबह प्रदर्शन करते हुए रजिस्ट्रार को ज्ञापन दिया।

उल्लेखनीय है कि जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों व छात्रों ने पूर्व में भर्तियों में आरक्षण की पालना नहीं होने पर एक माह तक आन्दोलन किया था। इस पर मजबूरन भर्तियां रद्द करनी पड़ी थीं। प्रदर्शन में ओबीसी वर्ग के छात्रों ने भी हिस्सा लिया। ओबीसी वर्ग के नेता हरीश जाट व भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि इस आंदोलन में जनजाति वर्ग के साथ हैं। अगर हमारी मांगे नहीं मानी गई तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा।

आज मिलेंगे कुलपति से
विवि के रजिस्ट्रार ने घेराव के बाद छात्रों से कहा कि मंगलवार को कुलपति से मिलकर सभी मामलों को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

क्या है मांग
संगठन के अध्यक्ष रूप सिंह मीणा ने बताया कि उनकी मांग है कि शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के बैकलॉग के पदों को विज्ञापित कर भरा जाए।

जब छात्रों ने रजिस्ट्रार का तीन घंटे तक घेरे रखा तो मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) एम एल चौहान व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(शहर) तेजराज सिंह पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समाझकर घेराव खत्म करवाया(राजस्थान पत्रिका,उदयपुर,23.11.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।