बारहवीं की परीक्षा पास करके डिग्री कॉलेज में दाखिला लिया और स्नातक की पढ़ाई शुरू कर दी लेकिन इस पढ़ाई के साथ भविष्य की चिंता भी सताने लगती है। यही वह समय है, जब करियर की डगर तय हो जानी चाहिए लेकिन इसमें दुविधा बहुत है। कोई विशेष कोर्स करना हो तो कौन सा करें या प्रतियोगी परीक्षा में बैठना हो तो कौन सा इम्तिहान ठीक रहेगा। ऐसे सवाल युवाओं को दोराहे पर ले आते हैं। असमंजस की इस स्थिति से छात्रों को बाहर निकालने और भविष्य की राह तय करने में उनकी मदद के लिए करियर विशेषज्ञ आज पूर्वाह्न 11 बजे लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज में होंगे। समाधान अवसर 2010 के बैनर तले सेवायोजन निदेशालय व दैनिक जागरण के संयुक्त प्रयास से करियर काउंसिलिंग श्रंखला आयोजित की जा रही है। बीते अप्रैल माह में इस अभियान की शुरुआत दसवीं व बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को भविष्य की राह दिखाने से हुई थी। इस श्रंखला में जवाहर नवोदय विद्यालय, कॉल्विन कॉलेज, करामत कॉलेज व सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज में करियर विशेषज्ञों ने बच्चों से बात की तो उन्हें अभिभावकों से भी इस बारे में चर्चा करने की आवश्यकता महसूस हुई। इसका समापन विश्वेश्वरैया सभागार में अभिभावकों से लंबी बातचीत के साथ हुआ। श्रंखला को आगे बढ़ाते हुए करियर काउंसिलिंग शिविरों का आयोजन जून व जुलाई माह में गोंडा, फैजाबाद, सीतापुर व सुल्तानपुर में भी किया गया। इसी कड़ी में बीती 19 अक्टूबर को सीतापुर रोड स्थित शिया पीजी कॉलेज और 30 नवंबर को एपी सेन कॉलेज में करियर काउंसिलिंग शिविर लगाया गया(दैनिक जागरण,लखनऊ,15.12.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।