मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

15 दिसंबर 2010

जेसी बोस नेशनल फैलोशिप

विज्ञान के क्षेत्र में जितनी ज्यादा रिसर्च की जाए, उतनी ही उपयोगी होती है। आए दिन नई-नई खोजों का सामने आना निरंतर जारी रिसर्च का ही परिणाम है। विज्ञान के क्षेत्र में रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की ओर से जेसी बोस नेशनल फैलोशिप प्रोग्राम चलाया जा रहा है। इस फैलोशिप के माध्यम से विशेषज्ञता प्राप्त वैज्ञानिकों व इंजीनियरों को देश के विकास के लिए किए जा रहे रिसर्च कार्यों में अपनी अहम भूमिका अदा करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

सामान्य योग्यता
यह फैलोशिप अच्छे वैज्ञानिकों व इंजीनियरों को प्रदान की जाती है। शैक्षणिक योग्यता में आवेदक उच्च शिक्षा प्राप्त जैसे पीएचडी इन साइंस/ इंजीनियरिंग, मास्टर इन इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी व एमडी इन मेडिसिन होना आवश्यक है। इसके अलावा आपके पास प्रोफेशनल अनुभव भी होना जरूरी है, ताकि आप रिसर्च कार्य को बखूबी अंजाम दे सकें और इसका लाभ फैलोशिप प्रदान किए जाने के मौके पर भी मिलता है।

अनिवार्य योग्यता
रिसर्च के लिए मिलने वाली इस आर्थिक सहायता को पाने के लिए आवश्यक योग्यता की बात करें तो आवेदक का भारत का नागरिक होना जरूरी है।

आयु सीमा
जेसी बोस फैलोशिप के लिए आवेदन करने वाले वैज्ञानिक व इंजीनियर की आयु सीमा निर्धारित नियमों के तहत साठ साल से कम रहनी चाहिए। इससे अधिक उम्र के विशेषज्ञ इस सहायता के लिए आवेदन नहीं कर सकते।

फैलोशिप की अवधि
इस सहायता के लिए चुने गए उम्मीदवारों को यह सहायता अधिकतम पांच सालों के लिए प्रदान की जाती है। पांच साल के भीतर ही वैज्ञानिकों व इंजीनियरों को अपनी खोज व अध्ययन को पूरा करना होता है।

मिलने वाली सहायता

इस फैलोशिप को पाने वाले आवेदक को हर माह 25,000 रुपये प्रदान किए जाते हैं और इसके अलावा हर फैलोशिप प्राप्त व्यक्ति को दस लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता कॉन्फ्रेंस व अन्य खर्चों के लिए प्रदान की जाती है।

चयन का आधार
यह फैलोशिप पाने के लिए इंजीनियर व साइंटिस्ट को किसी रिसर्च संस्थान की मंजूरी लेकर आवेदन करना है और अगर आप किसी संस्थान से जुड़े हुए नहीं हैं तो भी आप व्यक्तिगत तौर पर अपनी रिसर्च के आधार पर किसी संस्थान को अपना नाम इस फैलोशिप के लिए भेजने के लिए तैयार कर सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए सम्पर्क करें
एसएस कोहली, साइंटिस्ट एफ, 
डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, टेक्नोलॉजी भवन, न्यू महरौली रोड, नई दिल्ली-110016
वेबसाइट: www.serc-dst.org
               www.dst.gov.in
(अनामिका चौहान,हिंदुस्तान,दिल्ली,15.12.2010)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।