मंगलवार को बरेली में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) में भर्ती से लौट रहे उम्मीदवारों के साथ शाहजहांपुर में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे ने गृह मंत्रालय को अर्द्धसैनिक बलों की पूरी भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा करने को मजबूर कर दिया है। मंत्रालय ने आइटीबीपी को इस मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को तो कहा ही है, साथ ही सभी अर्द्धसैनिक बलों में पूरी भर्ती प्रक्रिया को ज्यादा आधुनिक बनाने की पहल भी कर दी है। गृह मंत्रालय के उच्च सूत्रों ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा, हम चाहते हैं कि भर्ती की पूरी प्रक्रिया को आधुनिक बनाया जाए। इसके लिए हमने सभी बलों को कहा है कि वे एक साथ इतनी बड़ी तादाद में लोगों को एक जगह बुलाए बिना ही इस प्रक्रिया को पूरा करने की तैयारी करें। इनके मुताबिक ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन और डाक के जरिए आवेदन मंगवाने पर जोर दिया जाए। भर्ती प्रक्रिया को ज्यादा विकेंद्रित भी किए जाने की जरूरत है। शाहजहांपुर में हुए हादसे के लिए आइटीबीपी को जांच कर रिपोर्ट पेश करने को भी कहा गया है। आइटीबीपी ने अपने अतिरिक्त महानिदेशक स्तर के अधिकारी को इस मामले की जांच पूरी करने को कहा है। गृह मंत्रालय के अधिकारी कहते हैं कि भर्ती प्रक्रिया के बदलाव में इस रिपोर्ट को भी अहम आधार बनाया जाएगा। ये अधिकारी मानते हैं कि शाहजहांपुर मामले में कई पदों के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं थी, इस वजह से इसमें ऑनलाइन व्यवस्था आवेदकों के लिए मुश्किल हो सकती थी। मगर दूसरे पदों के लिए इस पर जरूर विचार किया जाना चाहिए(दैनिक जागरण,दिल्ली,4.2.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।