कंप्यूटर ग्राफिक्स की दुनिया दिन-प्रतिदिन हाईटेक होती जा रही है और नए-नए तरह के प्रयोग इसमें देखने को मिल रहे हैं। कंप्यूटर द्वारा इमेज डाटा में जब किसी तरह का हेरफेर किया जाता है तो उसे ग्राफिक्स कहा जाता है। कंप्यूटर ग्राफिक्स कंप्यूटर साइंस की ही एक फील्ड है। इसके अंतर्गत विजुअल कंटेंट में मैनिपुलेट और डिजिटली सिन्थेसाइज करने की विभिन्न विधियों के बारे में बताया जाता है। कंप्यूटर द्वारा किसी डाटा के पिक्टोरियल रिपे्रजेंटेशन और मैनिपुलेशन के बाद आउटपुट के रूप में ग्राफिक्स मिलता है।
कंप्यूटर के क्षेत्र में जीयूआई यानि ग्राफिक्स यूजर इंटरफेस काफी प्रसिद्ध टर्म है। जीयूआई और कंप्यूटर ग्राफिक्स में गहरा संबंध है। जीयूआई के कारण किसी प्रोग्राम या सॉफ्टवेयर का उपयोग करना कंप्यूटर यूजर्स के लिए काफी आसान हो जाता है। आजकल लगभग सभी सॉफ्टवेयर जीयूआई ही होते हैं। यहां यूजर्स को काम करने के लिए बड़े-बड़े कमांड याद करने की बाध्यता नहीं रह जाती। माइक्रोसॉफ्ट विंडोज इसका बेहतर उदाहरण हो सकता है। इंटरफेस के रूप में आप यहां मेन्यू, प्वॉइंटर, आइकन्स आदि का उपयोग कर आसानी और तेजी से अपने काम को अंजाम दे सकते हैं।
जब आप किसी प्वॉइंटिंग डिवाइस, जैसे माउस या ट्रैकबॉल की सहायता से किसी मेन्यू या आइकन को सेलेक्ट या क्लिक करते हैं, तो वास्तव में यह एक प्रकार से कमांड इश्यू करना ही होता है और ऐसा करते ही संबंधित काम पूरा हो जाता है। विभिन्न पोर्टेबल डिवाइस, जैसे एमपी 3 प्लेयर्स, सेल फोन आदि में भी जीयूआई सुविधा का काफी उपयोग बढ़ा है। 3डी इफेक्ट्स से तो इसमें चार चांद लग गए हैं।
ग्राफ रिप्रेजेंटेशन, साइमुलेशन, एंटरटेंमेंट, एजुकेशन आदि कंप्यूटर ग्राफिक्स के प्रमुख क्षेत्र हैं। कंप्यूटर एडेड डिजाइन में भी इसका खूब इस्तेमाल किया जाता है। फाइन आर्ट, कॉमर्शियल आर्ट जैसे एप्लीकेशंस में भी ग्राफिक्स का ही कमाल रहता है। एनिमेशन भी कंप्यूटर ग्राफिक्स के अंतर्गत ही आता है। एनिमेशन वास्तव में मूविंग इमेज बनाने की कला है। असल में जब स्क्रीन पर कोई इमेज आती है, तो बहुत जल्दी-जल्दी दूसरी इमेज पहले वाली इमेज को रीप्लेस करती रहती है। यह प्रक्रिया काफी तेजी से होती है और हमें इमेज मूवमेंट का अहसास होता है। कंप्यूटर ग्राफिक्स से संबंधित कई सॉफ्टवेयर उपलब्ध हैं(संजीव कुमार,अमर उजाला,1.2.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।