मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

18 अप्रैल 2011

डीयू : ऑफलाइन-ऑनलाइन दोनों ऑफ

सेशन 2011-12 के लिए तैयार की गई नई गाइड लाइंस में तय किया गया है कि कॉलेज किसी भी रूप में रजिस्ट्रेशन फॉर्म जारी नहीं कर सकते। खास बात यह है कि कॉलेजों को रजिस्ट्रेशन फॉर्म बंद करने पर तो कोई आपत्ति नहीं है , लेकिन वे ऑनलाइन ऐप्लीकेशन का ऑप्शन चाहते हैं और इस बारे में यूनिवर्सिटी प्रशासन से मांग भी की है। लेकिन डीयू के विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि कॉलेजों को ऑनलाइन ऐप्लीकेशन का ऑप्शन नहीं दिया जाएगा और यूनिवर्सिटी ने यह तय कर लिया है कि ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरह के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाई जा रही है।

एडमिशन को लेकर नई पॉलिसी तैयार कर ली गई है और दो - तीन दिनों में नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। गाइड लाइंस में सबसे अहम बात यह है कि स्टूडेंट्स को कुछ प्रफेशनल कोर्सेज को छोड़कर ग्रैजुएशन लेवल के बाकी कोर्सेज में कोई रजिस्ट्रेशन नहीं कराना पड़ेगा। हालांकि , कॉलेजों का मानना है कि कम से कम ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की छूट मिलनी चाहिए , ताकि कॉलेजों को कट ऑफ बनाने में कोई परेशानी न हो। एसआरसीसी , हंसराज , दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज समेत कई कॉलेज हैं , जो ऑनलाइन ऐप्लीकेशन की मांग कर रहे हैं। उधर , एडमिशन पॉलिसी तैयार करने की टीम में शामिल एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि यूनिवर्सिटी ने रजिस्ट्रेशन प्रोसेस को खत्म कर दिया है और अगर ऑनलाइन ऐप्लीकेशन का ऑप्शन दिया जाता है , तो हर कॉलेज इस दिशा में आगे बढ़ेगा और फिर रजिस्ट्रेशन प्रोसेस को खत्म करने का मकसद पूरा नहीं हो पाएगा। उनका कहना है कि पुराने सिस्टम की तरफ नहीं लौटा जाएगा। कॉलेजों को सीधे कट ऑफ जारी करनी होगी और उसके आधार पर तीन दिन में जो स्टूडेंट्स एडमिशन के लिए आएंगे , उन्हें एडमिशन मिलेगा। यूनिवर्सिटी कट ऑफ को लेकर एक शेडयूल भी जारी करेगी। सूत्र बताते हैं कि 20 जून के बाद पहली कट ऑफ आएगी। स्टूडेंट्स को जून के पहले हफ्ते में इन्फर्मेशन बुलेटिन मिलेगा और यह बुलेटिन कम से कम 15 कॉलेजों में उपलब्ध होगा।


हालांकि , सेंट स्टीफंस कॉलेज और जीसस एंड मेरी कॉलेज अपने रजिस्ट्रेशन फॉर्म जारी करेंगे। इन दोनों कॉलेजों के बारे में यूनिवर्सिटी का कहना है कि ये कॉलेज पहले भी अपना अलग से रजिस्ट्रेशन प्रोसेस कंडक्ट करते थे और इस बार भी यूनिवर्सिटी की तरफ से इन कॉलेजों पर कोई बंदिश नहीं लगाई जाएगी। खास बात यह है कि सेंट स्टीफंस कॉलेज यूनिवर्सिटी की एडमिशन गाइड लाइंस को भी नहीं मानता। इस कॉलेज में स्टूडेंट्स के 12 वीं के साथ - साथ 10 वीं के मार्क्स भी देखे जाते हैं। साथ ही इंटरव्यू भी होता है(भूपेंद्र,नवभारत टाइम्स,दिल्ली,18.4.11)।

1 टिप्पणी:

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।