मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

25 अगस्त 2011

मप्र में इंस्पेक्टर बढ़ेंगे, एसआई घटेंगे

राज्य सरकार ने प्रदेश में पुलिस इंस्पेक्टरों के पद 1032 से बढ़ाकर 1106 और सब इंस्पेक्टरों (एसआई) के पद 3306 से घटाकर 2629 कर दिए हैं। एसआई के 50 फीसदी पद सीधी भर्ती से और 50 प्रतिशत पदोन्नति से भरे जाएंगे। अब तक 67 प्रतिशत पद सीधी भर्ती और 33 प्रतिशत पदोन्नति से भरे जाते थे।

राज्य शासन ने गृह विभाग के मप्र पुलिस कार्यपालिक अराजपत्रित सेवा भर्ती नियम 1997 में संशोधन किया है। अब तक निरीक्षक/रक्षित निरीक्षक के संयुक्त रूप से कुल 1032 पद स्वीकृत थे। अब निरीक्षक के 1009 तथा रक्षित निरीक्षक के 97 पद अलग से मंजूर किए गए हैं। ये पदोन्नति से भरे जाएंगे।

वहीं कंपनी कमांडर के 248 पद घटाकर 229 किए गए हैं। ये पद सौ प्रतिशत पदोन्नति से भरे जाने का प्रावधान था, लेकिन अब 97 प्रतिशत पद पदोन्नति से तथा 3 प्रतिशत पद अनुपलब्धता की स्थिति में प्रतिनियुक्ति से भरे जाने का प्रावधान किया गया है।

सूबेदार के पद भी घटे

सूबेदार के पद घटाकर अब 74 से 72 किए गए हैं। वहीं उपनिरीक्षक रेडियो तकनीशियन के पद 159 से 125 किए गए हैं। इनमें 63 सीधी भर्ती तथा 62 पदोन्नति से भरे जाएंगे। उप निरीक्षक अंगुली चिह्न् के 39 पद अब 29 रह गए हैं। ये पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। अभी तक 67 फीसदी सीधी भर्ती और 33 प्रतिशत पदोन्नति से भरे जाते थे। उपनिरीक्षक क्वेश्चन डॉक्युमेंट के पद आठ से घटाकर छह किए गए हैं। ये भी सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। प्लाटून कमांडर के 738 पद घटाकर 707 कर 40 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से और 60 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरने का प्रावधान किया गया है। 

सहायक उपनिरीक्षक के 3636 पद घटकर 3304 हो गए हैं। इनमें 40 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से और 60 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरने के बजाय अब 80 प्रतिशत पद प्रधान आरक्षकों की विभागीय परीक्षा से भरे जाएंगे। जबकि 20 प्रतिशत पद अच्छे सर्विस रिकॉर्ड और 15 वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले प्रधान आरक्षकों से भरे जाएंगे(दैनिक भास्कर,भोपाल,25.8.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।