मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

20 मई 2010

राजस्थान में 10वीं की छात्राओं को साइकिल वितरण 1 जुलाई से

राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों की माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में 10वीं कक्षा की छात्राओं को नए शिक्षा सत्र में भी साइकिल मिलेगी।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक भास्कर ए. सावंत ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर 31 मई तक विद्यालयवार मांग का विवरण निदेशालय भेजने के लिए पाबंद किया है। नोडल अधिकारी सभी स्कूलों से छात्राओं के प्रार्थना-पत्र एकत्रित कर 25 मई तक जिला शिक्षा अधिकारियों को प्रस्तुत करेंगे। उसके अनुसार ही तहसील और विद्यालवार मांग का विवरण तैयार किया जाएगा। शिक्षा निदेशक की ओर से जारी दिशा निर्देशों में साइकिलों की आपूर्ति की तिथि 16 जून निर्धारित की गई है। संस्था प्रधानों को 25 जून तक साइकिलें सुपुर्द कर दी जाएंगी और एक जुलाई से छात्राओं को साइकिलों का वितरण शुरू हो जाएगा।

साइकिल उन्हीं छात्राओं को मिलेंगी जिनके घर से स्कूल की दूरी दो से पांच किलोमीटर है। छात्राओं की अंश राशि तीन सौ रुपए है। शेष रकम विभाग वहन करेगा। संस्कृत शिक्षा निदेशालय को भी इस संबंध में पत्र लिखा गया है। उनकी स्कूलों में पढऩे वाली छात्राओं के लिए भी साइकिलों की खरीद माध्यमिक शिक्षा विभाग ही करेगा।


कैसे मिलेगी समय पर साइकिल

माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने साइकिल वितरण योजना के तहत जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा निर्देश तो जारी कर दिए लेकिन इसकी प्रक्रिया इतनी लंबी है कि अद्र्धंवार्षिक परीक्षा से पहले छात्राओं को साइकिल मिलने में संशय बना हुआ है। नए शिक्षा सत्र में साइकिल वितरण के लिए अभी तक न तो बजट मंजूर हुआ है और न ही क्रय समिति का गठन हो पाया है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद साइकिल सप्लाई के टैंडर आमंत्रित किए जाएंगे। जिस कंपनी को ठेका मिलेगा, उसे वितरण के लिए निर्धारित समय भी देना होगा।
(दैनिक भास्कर,बीकानेर,20 मई,2010)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।