मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

30 जून 2010

बरकतुल्ला विश्वविद्यालय में फार्मेसी की फीस बढ़ी। महर्षि की जांच के आदेश

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने फार्मेसी पाठ्यक्रम के शिक्षण शुल्क में दस प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। विद्यार्थियों को अब 37380 के स्थान पर करीब 41 हजार रुपए फीस देना होगी। साथ ही बीयूआईटी तथा फार्मेसी विभाग के आवेदन पत्रों की शुल्क राशि 60 से बढ़ाकर 100 रुपए कर दी गई है। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद की बैठक मंगलवार को कुलपति निशा दुबे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें महर्षि शिक्षा महाविद्यालय द्वारा बीएड पाठ्यक्रम सत्र 2005-06 के लिए परीक्षाओं में की गई अनियमितताओं के संबंध में छात्रों की परीक्षा निरस्त किए जाने के प्रकरण पर चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। कमेटी में अमित शर्मा, गोपाल सिंह, एसएन चौधरी व आरके पांडेय होंगे। यह कमेटी जांच कर कालेज की मान्यता समाप्त करने सहित अन्य बिंदुओं पर अपना मत देगी। विवि की बस व अन्य वाहनों की किराया दरों में आंशिक वृद्धि का प्रस्ताव मान्य किया गया। छात्र-छात्रों की सुविधाओं के लिए दो अन्य बसें खरीदने की अनुशंसा मान्य की गई। एम फार्मा सत्र 2010-11 की प्रवेश प्रक्रिया में संशोधन करते हुए पूर्व प्रवेश प्रक्रिया को लागू किया गया। छात्रों के लिए बनाए गए छात्रावासों की नियमावली का भी अनुमोदन कर दिया गया। इसके अलावा बैठक में महाविद्यालयों की गुणवत्ता एवं अधोसंरचना सुनिश्चित करने के लिए कार्यपरिषद द्वारा एक केंद्रीय निरीक्षण दल बनाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में ज्ञान विज्ञान भवन के किराए को पूर्व दरों पर ही रखें जाने का अनुमोदन किया। विवि के अभियांत्रिकी संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों के एरियर्स तथा ईपीएफ की राशि पर स्वीकृति प्रदान की गई। कार्यपरिषद ने विवि कर्मचारियों को राज्य शासन के कर्मचारियों की भांति मंहगाई भत्ता प्रदान करने की स्वीकृति दी। बीयू कर्मचारियों को वेतन पुनरीक्षण नियम-2009 के अंतर्गत राज्य शासन के कर्मचारियों के समान एरियर्स के भुगतान की भी स्वीकृति प्रदान की गई। यूजीसी वेतनमान प्राप्त करने वाले शिक्षक व अधिकारी संवर्ग को छठवे यूजीसी वेतनमान के एरियर्स के भुगतान की अनुशंसा की गई। बैठक में देरी घोषित हो रही बीएचएमएस, बीएएमएस तथा बीपीटी के विलंब से आ रहे परीक्षा परिणामों को वरीयता के आधार पर जारी करने के लिए निर्देश भी जारी हुए। (दैनिक जागरण,भोपाल,30.6.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।