मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

28 जून 2010

यूपीःअगले वर्ष तक नियमित हो जाएगा सत्र

उत्तर प्रदेश की सर्वाधिक महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) भले ही अब तक तीन से चार वर्ष पीछे चल रही थी, पर यह सिलसिला आगे नहीं रहेगा। अगले साल तक पीसीएस परीक्षाओं का सत्र नियमित हो जायेगा। कम से कम लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश द्वारा तैयार कार्यक्रम तो कुछ यही बता रहे हैं। आयोग इस समय विभिन्न पदों पर चयन का रिकार्ड बना रहा है। मात्र बीस माह में दस हजार से अधिक पदों पर चयन करने के बाद आयोग अब बची हुई विलंबित परीक्षाओं के बैकलाग को निस्तारित करने की तैयारी में है। लोक सेवा आयोग ने पिछले दिनों बड़ी संख्या में विलंबित परीक्षाओं को संपन्न कराया है। इससे चयन का एक रिकार्ड बन गया है। स्थिति यह है कि आयोग के अध्यक्ष एस आर लाखा के पिछले मात्र बीस माह के कार्यकाल में आयोग दस हजार से अधिक चयन कर चुका है। यह संख्या इसके पूर्व के पांच वर्ष के दौरान हुए कुल चयन से खासी अधिक है। वित्तीय वर्ष 2010-11 पूरा होने तक यह आंकड़ा खासा बढ़ जाने का अनुमान है। आयोग के सचिव बी बी सिंह के अनुसार वर्ष 2004 से अक्टूबर 2008 तक आयोग ने परीक्षा के माध्यम से 3746 व सीधी भर्ती के माध्यम से 5962 (कुल 9708) चयन किए थे। अक्टूबर 08 से अब तक में आयोग दस हजार से अधिक चयन कर चुका है। इसमें सीधी भर्ती के करीब आठ हजार व परीक्षा के माध्यम से 2031 चयन शामिल हैं। इसमें से कई चयन तो वर्षो से अटके हुए थे। प्राविधिक शिक्षा विभाग का चयन 2003 से तो नियोजन विभाग का चयन 2004 से अटका पड़ा था। यही स्थिति कई अन्य विभागों की भी थी। इस वित्तीय वर्ष के अंत तक लगभग आधा दर्जन बड़ी परीक्षाओं के परिणाम आने वाले हैं। इस तरह यह संख्या खासी अधिक हो जाएगी। जागरण से बातचीत में श्री सिंह का कहना था कि वर्तमान चेयरमैन एस आर लाखा के नेतृत्व में आयोग अब बैकलाग को पूरी तरह समाप्त करने की तैयारी में जुटा है। उन्होने बताया कि अब तक पीसीएस के कई लंबित परिणाम जारी किए जा चुके हैं। पीसीएस 2008 मुख्य परीक्षा का परिणाम भी अगले दो माह में जारी हो जाएगा। पीसीएस 2009 व 2010 की परीक्षाएं अगले साल पूरी कर प्रयास यह किया जा रहा है कि 2011 के बाद पीसीएस का सत्र नियमित हो जाए। यही स्थिति लोअर सर्बोडिनेट परीक्षा की भी है। इस समय लोअर सर्बाेडिनेट 2006 के परिणाम लंबित हैं। यह परिणाम अगले दो माह में जारी हो जाएंगे। लोअर सबार्डिनेट 2008 की परीक्षायें सितंबर में प्रस्तावित हैं। 2009 की भी घोषणा की जा चुकी है। इस तरह एक साल में एक से अधिक वर्षो का चयन करके अगले साल तक इसे भी नियमित कर दिया जाएगा(दैनिक जागरण,इलाहाबाद संस्करण,28.6.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।