मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

01 जुलाई 2010

उत्तर प्रदेश में 2.18 करोड़ बच्चों को मुफ्त किताबें

उत्तर प्रदेश का बेसिक शिक्षा विभाग 1 जुलाई से शुरू हो रहे नए शैक्षिक सत्र की तैयारियों में जुट गया है। विभाग इस साल प्रदेश के सभी परिषदीय और अनुदानित विद्यालयों में कक्षा 1-8 तक के 21797035 बच्चों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें बांटने के लिए कमर कस रहा है। विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए इस बार 162851335 किताबें प्रकाशित की जा रही हैं। सत्र शुरू होने पर 7 जुलाई को प्राथमिक और 10 जुलाई को उच्च प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को पुस्तकें बांटी जाएंगी। समस्त परिषदीय और अनुदानित विद्यालयों में कक्षा 1-8 तक के सभी बच्चों को नए शैक्षिक सत्र में पाठ्यपुस्तकें मुफ्त दी जाती हैं। सर्व शिक्षा अभियान के तहत इन कक्षाओं में पढ़ने वाली सभी बालिकाओं और अनुसूचित जाति के बालकों को नि:शुल्क किताबें दी जाती हैं। राज्य योजना के तहत सामान्य वर्ग के बालकों को किताबें मुफ्त दी जाती हैं। सर्व शिक्षा अभियान के तहत इस बार 14784400 और राज्य योजना से 7012635 विद्यार्थियों को पुस्तकें बांटी जाएंगी। नए सत्र में इन कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए कुल 70 किताबें प्रकाशित की जा रही हैं, जिनमें प्राथमिक कक्षाओं के लिए 30 और उच्च प्राथमिक के लिए 40 पुस्तकें होंगी। उर्दू माध्यम के विद्यार्थियों के लिए 32 किताबें प्रकाशित कराई जा रही हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस बार सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे किताबों की आपूर्ति होने के तीन दिनों के अंदर उनका सत्यापन करके पुस्तकें ब्लाक संसाधन केंद्रों को भेज दें। इसके अलावा नेशनल प्रोग्राम फॉर एजुकेशन ऑफ ग‌र्ल्स एट एलीमेंट्री लेवल के अंतर्गत प्रदेश में शैक्षिक दृष्टि से पिछड़े 680 विकासखंडों व शहरी मलिन बस्तियों के प्राथमिक स्कूलों की तकरीबन 70 लाख छात्राओं को एक सेट यूनिफार्म मुफ्त दी जाएंगी। एक सेट वर्दी के लिए अब तक 90 रुपये दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर इस बार 105 रुपये कर दिया गया है। इस योजना के लिए 72 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है(दैनिक जागरण,राष्ट्रीय संस्करण,1.7.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।