किसी तरह आठवीं तक ही शिक्षा ले पाये शिक्षा में फिसड्डी लोग भी अब बड़े उद्यमी बन सकते हैं। ऐसे लोग भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 25 लाख रुपये तक का ऋण लेकर अपना उद्यम लगा सकते हैं। उक्त सूचना शुक्रवार को सूक्ष्म, लघु एवं मध्य उद्योग विकास संस्थान पटना के निदेशक ने मनेर हाई स्कूल में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान दी। संस्थान के निदेशक अनिल कुमार सिंह ने मौजूद युवा बेरोजगारों को मार्ग दर्शन देते हुए बताया कि स्वयं एवं देश के विकास के लिए उद्यम स्थापित करने होंगे। भारत सरकार इसके लिए हर प्रकार का सहयोग कर रही है। सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग विकास संस्थान के अन्वेषक संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि लघु उद्योग द्वारा उत्पादित वस्तुओं के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को निर्यात सम्बन्धी सूचना प्रदान करने के साथ-साथ समय-समय पर निर्यात विपणन प्रशिक्षण का भी आयोजन किया जाता है। इस मौके पर मौजूद इन्फोटेक के राजीव राय ने बताया कि संस्थान द्वारा 6 जुलाई 15 दिवसीय नि:शुल्क मोबाइल की रिपेयरिंग सिखाई जायेगी। अन्य वक्ताओं ने कहा कि सरकार बेरोजगार युवकों को उद्यम स्थापित करने के लिए हर प्रकार की सहायता देने को तैयार है(दैनिक जागरण,पटना,4.7.2010 में मनेर संवाददाता की रिपोर्ट)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।