मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

27 जुलाई 2010

उत्तराखंडःबी.टेक. में सीधे प्रवेश की संभावना बढ़ी

बीटेक में प्रवेश के लिए ऑल इंडिया इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा(एआईईईई) में शामिल होना अभी तक अनिवार्य था। छात्रों को तरस रहे राज्य के तकनीकी संस्थानों में इस सत्र में 12वीं पास कर चुके छात्रों के सीधे प्रवेश की संभावनाएं बढ़ गई हैं। उत्तराखंड तकनीकी विवि ने इस सत्र में तीसरे चरण की काउंसिलिंग में 12वीं पास ऐसे छात्रों को भी मौका देने का निर्णय लिया है, जो एआईईईई में शामिल नहीं हुए। इसके पीछे प्रमुख कारण संस्थानों को छात्र नहीं मिल पाना है। राज्य के चार सरकारी संस्थानों समेत 27 तकनीकी संस्थानों में बीटेक की कुल 9766 सीटों में 5249 सीटें ही पहले चरण में भर पाई हैं। बीटेक की रिक्त बची करीब चार हजार सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो गया है। पहले चरण के बाद करीब आधी सीटें खाली रह जाने के बाद माना जा रहा है कि द्वितीय काउंसिलिंग में भी तमाम सीटें भर पाना मुश्किल होगा। ऐसे में तीसरी काउंसिलिंग कराई जानी लगभग तय हो गई है। बीते वर्ष काफी सीटें खाली रह जाने के कारण विवि ने इस बार तीसरी काउंसिलिंग का प्रावधान रखा है। इस चरण में बारहवीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट बेसेस पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। दूसरे चरण की काउंसिलिंग के बाद रिक्त रहने वाली सीटों पर पर इन छात्रों को सीधे प्रवेश दिया जाएगा। विवि के प्रति कुलपति प्रो. एचसी नैनवाल ने उम्मीद जताई की अधिकांश सीटें द्वितीय चरण की काउंसिलिंग से भर जाएंगी। इसके बाद यदि सीटें बचती हैं तो उन्हें 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर मेरिट बनाकर भरा जाएगा(दैनिक जागरण,देहरादून,27.7.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।