भारतीय रेलवे खानपान व पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) अब स्कूली बच्चों के लिए भी पैकेज टूर बनायेगा। आईआरसीटीसी सैर पर जाने वाले इन स्कूली बच्चों का बीमा भी करायेगा। यात्रा के दौरान किसी दुर्घटना के होने पर आईआरसीटीसी बच्चों की सहायता का पूरा जिम्मा भी उठायेगा। आईआरसीटीसी ने यह नीति पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए तैयार की है। आईआरसीटीसी स्कूली बच्चों के दल को कम खर्च पर देश के विभिन्न हिस्सों की सैर करायेगा। आईआरसीटीसी इस योजना की शुरुआत लखनऊ के विद्यालयों से करेगा। इसके बाद वह पूर्वोत्तर रेलवे के बरेली, वाराणसी, लखनऊ, उत्तर रेलवे के लखनऊ और उत्तर मध्य रेलवे के इलाहाबाद मंडलों में आने वाले शहरों के स्कूलों के बच्चों के लिए भी पैकेज टूर मुहैया करायेगा। आईआरसीटीसी ने पहले बच्चों को उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में घुमाने की योजना बनायी है। चार शिक्षकों के साथ बच्चों को पहले देहरादून ले जाया जाएगा। वहां से एक टूर आपरेटर के साथ मंसूरी सहित कई हिस्सों का भ्रमण कराया जाएगा। पैकेज की खामियों को दूर करने के लिए भ्रमण करने के बाद बच्चों से फीडबैक भी लिये जाएंगे। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि स्कूली बच्चों के लिए बनाये गए पैकेज में पारदर्शिता तो बरती ही जाएगी साथ ही इसका शुल्क भी कम रखा जाएगा(दैनिक जागरण,लखनऊ,6.7.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।