मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

28 जुलाई 2010

नेशनल टेलेंट सर्च स्कीमःप्रतिभाओं को तराशती एक योजना

नेशनल टेलेंट सर्च यानी राष्ट्रीय प्रतिभा खोज एनसीईआरटी की एक प्रमुख योजना है। इसका उद्देश्य प्रतिभावान विद्यार्थियों का पता लगाना और उनकी प्रतिभा को बढ़ाना है। इसके तहत विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, इंजीनियरिंग, चिकित्सा विज्ञान, प्रबंधन और विधि जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है। यह योजना प्रतिभावान विद्यार्थियों को मासिक स्कॉलरशिप के रूप में आर्थिक मदद दे कर सहयोग देती है। इस योजना में बेसिक साइंस, सामाजिक विज्ञान और वाणिज्य के पाठय़क्रमों के लिए पीएचडी स्तर तक सहायता प्रदान की जाती है। व्यावसायिक पाठय़क्रमों जैसे इंजीनियरिंग, चिकित्सा विज्ञान, प्रबंधन एवं विधि के लिए पीजी स्तर तक सहायता दी जाती है। एनसीईआरटी द्वारा राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन कक्षा 8 स्तर पर किया जाता है।

स्कॉलरशिप

परीक्षा आयोजन के आधार पर कक्षा 8 की परीक्षाओं के लिए बैठे छात्रों के प्रत्येक समूह के लिए 1000 स्कॉलरशिप दी जाती हैं। स्कॉलरशिप की राशि प्रत्येक माह 500 रुपए होती है। अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए 7. 5 प्रतिशत और विकलांग छात्रों के लिए 3 प्रतिशत स्कॉलरशिप आरक्षित होती है। स्कॉलरशिप का भुगतान सीधे प्राप्तकर्ता को न देकर संबद्घ संस्थान के प्रमुख के माध्यम से दिया जाता है।

चयन प्रक्रिया

प्रतिभाओं की पहचान दो स्तरीय लिखित परीक्षा के आधार पर की जाती है। प्रथम स्तर का चयन अलग-अलग राज्य/यूनियन टेरेटरीज द्वारा लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाता है। प्रथम स्तर की परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही एनसीईआरटी द्वारा संचालित द्वितीय स्तर की परीक्षा में भाग लेने के लिए पात्र माने जाते हैं। राज्य और यूनियन टेरेटरीज राष्ट्रीय प्रतिभा खोज योजना की प्रथम स्तर की लिखित परीक्षा के साथ राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना की भी परीक्षा आयोजित करते हैं।

महत्त्वपूर्ण तिथियां

8वीं स्तर की परीक्षा के लिए आवेदन पत्र जमा करने की तिथि 31 अगस्त, 2010 है। प्रथम स्तर की परीक्षा मिजोरम, मेघालय, नगालैंड, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 20 नवंबर, 2010, शनिवार को होगी। अन्य सभी राज्यों व यूनियन टेरेटरीज में एनटीएस की परीक्षा 21 नवंबर, 2010, रविवार को आयोजित होगी।

पात्रता

मान्यताप्राप्त विद्यालयों के 8वीं कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थी उस राज्य/यूनियन टेरेटरी द्वारा संचालित प्रथम स्तर की परीक्षा में बैठने के पात्र होते हैं, जिस राज्य में विद्यालय स्थित है।

आवेदन प्रपत्र

आवेदन-प्रपत्र प्राप्त करने के लिये राज्य संपर्क अधिकारी से संपर्क करें। आवेदन-प्रपत्र एनसीईआरटी की वेबसाइट www.ncert.nic.in से भी डाउनलोड किया जा सकता है। भरे हुए आवेदन प्रपत्र विद्यालय के प्राचार्य द्वारा हस्ताक्षरित होने चाहिए। आवेदन प्रपत्र जमा कराने की अंतिम तिथि तथा प्रपत्र कहां जमा कराया जायेगा, इस संबंध में संबंधित राज्य/संघ राज्य-क्षेत्र के संपर्क अधिकारी से पता किया जा सकता है। विभिन्न राज्यों की आवेदन प्रपत्र जमा कराने की अंतिम तिथियां भिन्न हो सकती हैं।

शुल्क

एनसीईआरटी द्वारा द्वितीय स्तर की परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। राज्य और यूनियन टेरेटरी प्रथम परीक्षा के लिए अपेक्षित शुल्क के भुगतान के लिए अधिसूचना जारी कर सकते हैं। इसलिये आवेदन प्रपत्र जमा करने से पहले कितनी और कैसे फीस दी जायेगी, इसका पता अपने राज्य संपर्क अधिकारी से लगा लेना चाहिए।

परीक्षा माध्यम

परीक्षा हिन्दी व अंग्रेजी के साथ असमी, बंगला, गुजराती, कन्नड़, मराठी, मलयालम, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु, उर्दू में संचालित की जाएगी। अभ्यर्थी आवेदन प्रपत्र में जिस भाषा में परीक्षा देना चाहते हैं, उस विकल्प का उल्लेख करें। इसके आधार पर ही अभ्यर्थी को उस भाषा में प्रश्न पुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी।

परीक्षा-विधि

8वीं के लिए लिखित परीक्षा की विधि इस प्रकार है : प्रथम स्तर की राज्य/ यूनियन टेरेटरी स्तर पर संचालित परीक्षा में दो भाग होंगे (अ) मानसिक योग्यता परीक्षण (एमएटी) और (ब) शैक्षिक योग्यता परीक्षण (एसएटी)। इनमें सामाजिक विज्ञान, विज्ञान और गणित विषय शामिल होंगे। द्वितीय स्तर की राष्ट्रीय स्तर पर संचालित परीक्षा में (अ) मानसिक योग्यता परीक्षण (एमएटी) और (ब) शैक्षिक योग्यता परीक्षण (एसएटी) शामिल होंगे। इनमें सामाजिक विज्ञान, विज्ञान और गणित विषय शामिल होंगे। (स) इंटरव्यू - इंटरव्यू के लिए उन्हीं अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया जाएगा, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर संचालित लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की हो।

लिखित परीक्षा

लिखित परीक्षा में प्रथम भाग एमएटी और द्वितीय भाग एसएटी शामिल होंगे। दोनों परीक्षाएं एक छोटे से अंतराल पर अलग-अलग ली जाएंगी।

मानसिक योग्यता परीक्षा-एमएटी : चार विकल्पों सहित इसमें 90 मल्टीच्वॉइस प्रश्न होंगे, जिनमें से केवल एक सही उत्तर होगा। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। समय 90 मिनट होगा।

शैक्षिक योगयता परीक्षा-एसएटी : शैक्षिक योग्यता परीक्षा में एक अंक वाले 90 मल्टीच्वॉइस प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न के चार विकल्प होंगे, जिनमें से केवल एक सही उत्तर होगा। इसमें 35 प्रश्न विज्ञान से, 35 प्रश्न सामाजिक विज्ञान से तथा 20 प्रश्न गणित से होंगे। विज्ञान में प्रश्न भौतिकी, रसायन और जीवविज्ञान से होंगे। इसी प्रकार, सामाजिक विज्ञान में प्रश्न इतिहास, भूगोल और नागरिक शास्त्र से होंगे। गणित में बीजगणित, अंकगणित, रेखागणित, त्रिकोणमिति, सांख्यिकी और क्षेत्रमिति को लिया जाएगा। इसका समय 90 मिनट होगा।

एमएटी टैस्ट में निम्नतम क्वालिफाइंग अंक 40 प्रतिशत हैं। एसटी, एसटी व हैंडीकैप के लिए 32 प्रतिशत हैं। एसएटी टैस्ट में भी यही क्वालिफाइंग अंक होंगे। 15 से 20 मिनट का इंटरव्यू 25 अंकों का होगा। इसमें निम्नतम क्वालिफाइंग अंकों का उल्लेख नहीं है।

स्कॉलरशिप पाने की सामान्य शर्ते : स्कॉलरशिप प्राप्त करने के लिए यह जरूरी है कि उम्मीदवार अनुमोदित पाठय़क्रमों में अध्ययनरत हो। वह अच्छा आचरण बनाए रखता हो (संस्थान प्रमुख द्वारा प्रमाणित) और अपना अध्ययन एक नियमित विद्यार्थी के रूप में कर रहा हो। बिना उचित अवकाश के अनुपस्थित न होता हो। पूर्णकालिक आधार पर अध्ययन करता हो। कोई रोजगार नहीं करता हो। राष्ट्रीय प्रतिभा खोज योजना पीएचडी कोर्स को छोड़ कर छात्रवृत्ति प्राप्तकत्ताओं को कोई अन्य स्कॉलरशिप स्वीकार करने से वंचित नहीं करती, अलबत्ता किसी भी पाठय़क्रम के लिए विदेश में अध्ययन के लिए कोई स्कॉलरशिप उपलब्ध नहीं होगी। यदि कोई प्राप्तकर्ता पंजीकरण/प्रवेश के एक माह के अंदर अपने पाठय़क्रम का अध्ययन छोड़ता है तो उसे कोई स्कॉलरशिप नहीं दी जाएगी।

कैसे करें तैयारी

नेशनल टेलेंट सर्च परीक्षा के लिए कोई निर्धारित पाठय़क्रम नहीं है। प्रश्नों का स्तर कक्षा 7 एवं 8 की परीक्षा के समान होता है। एनसीईआरटी की इन कक्षाओं की पुस्तकों का अध्ययन कारगर रहेगा। साइंस के लिए फिजिक्स, कैमिस्ट्री व बायोलॉजी का जम कर मनन करें। गणित के लिए अलजेबरा, अंकगणित, ज्योमेट्री, स्टेटिस्टिक्स व क्षेत्रमति का अच्छी तरह से समझ कर अभ्यास करें। सोशल साइंस के लिए इतिहास, भूगोल व नागरिक शास्त्र का अध्ययन करें। ‘लर्न अबाउट द टैस्ट’ नामक एक पृथक पुस्तिका में एमएटी और एसएटी, दोनों से संबंधित प्रश्नोत्तर उदाहरणार्थ दिए गए हैं। यह पुस्तिका मुद्रित रूप में होने के साथ-साथ एनसीईआरटी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है(अशोक कुमार सूद,नई दिशाएं,हिंदुस्तान,दिल्ली,27.7.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।