आईआईएम ने कैट एग्जाम 2010 की घोषणा रविवार को कर दी है। कैट एग्जाम की जिम्मेदारी संभाल रहे आईआईएम- लखनऊ की ओर से रविवार को की गई घोषणा में कहा गया है कि इस बार एग्जाम 27 अक्तूबर से 24 नवंबर तक चलेंगे।
इस बार भी एग्जाम पिछले साल की तरह ऑनलाइन ही होगा। 30 अगस्त से बैंक में वाउचर की बिक्री शुरू होगी जो 27 सितंबर तक चलेगी। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 30 अगस्त से 30 सितंबर तक चलेगी। कैट एग्जाम- 2010 के लिए वाउचर की कीमत 1400 रुपए तय की गई है। एससी/एसटी कोटे के स्टूडेंट्स के लिए कीमत 700 रुपए तय की गई है। कैट आयोजन समिति की ओर से निर्देश जारी किया गया है कि वाउचर एग्जाम देने वाले स्टूडेंट के नाम पर ही खरीदा जाए।
जल्द हो रहा एग्जाम
पिछले वर्ष की तुलना में कैट की तिथि और कार्यक्रम जल्द आयोजित हो रहे हैं। एग्जाम की तारीख पहले किए जाने से बिजनेस स्कूलों को भी राहत मिली है। आर्यन्स ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के चेयरमैन डॉ. अंशु कटारिया ने कहा कि एग्जाम पहले होने की वजह से रिजल्ट भी समय पर आ जाएगा। ऐसे में बी- स्कूलों में स्टूडेंट्स के दाखिले की संख्या में ईजाफा होगा। इसके साथ ही समय ज्यादा होने की वजह से दूर- दराज के स्टूडेंट भी इसमें बढ़- चढ़कर हिस्सा ले सकेंगे।
नॉन आईआईएम की सूची जारी
कैट ने नॉन आईआईएम मेंबर संस्थानों की सूची भी जारी की है। इसमें आर्यन्स ग्रुप के तीन बी- स्कूलों को जगह दी गई है। इस बात की जानकारी देते हुए डॉ. अंशु कटारिया ने कहा कि पिछले वर्ष आर्यन्स बिजनेस स्कूल (एबीएस) को मान्यता मिली थी। इस बार नॉन आईआईएम कैट मेंबर्स की सूची में एबीएस के साथ ही आर्यन्स स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (एएसएम) और आर्यन्स इंस्टीटच्यूट ऑफ मैनेजमेंट (एआईएम) भी शामिल हो गए है। एसे में आर्यन्स नॉर्थ इंडिया का अकेला ग्रुप बन गया है जिसके तीन बी- स्कूल नॉन आईआईएम मेंबर की लिस्ट में हैं(दैनिक भास्कर,चंडीगढ़,22.8.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।