हाईस्कूल के लगभग पांच हजार शिक्षकों का चयन करने के बाद अब प्रवक्ताओं की बारी है। प्रदेश के इन्टरमीडिएट कालेजों में रिक्त परास्नातक शिक्षकों (पीजीटी) के करीब 950 पदों के लिए तीस अगस्त से साक्षात्कार शुरू होने जा रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने इसके लिए कार्यक्रम निर्धारित कर लिया है। बोर्ड ने पिछले तीन माह के दौरान प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक के पदों के चयन पर जोर दिया था। इस दौरान करीब पांच हजार प्रशिक्षित स्नातक शिक्षकों में से अधिकांश की चयन प्रक्रिया पूरी हो गयी है। चयन बोर्ड के सचिव बी एल सरोज के अनुसार पिछले वर्ष विज्ञापित करीब 950 पदों के लिए इस साल 31 जनवरी व सात फरवरी को लिखित परीक्षा आयोजित की गयी थी। इसके परिणाम जारी किए जा चुके हैं। साक्षात्कार के लिए बोर्ड ने कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। यह साक्षात्कार तीस अगस्त से 24 सितंबर के बीच आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीस व 31 अगस्त को भौतिक विज्ञान व शारीरिक शिक्षा, तीन सितंबर को इतिहास, सात व आठ सितंबर को रसायन शास्त्र, आठ व नौ सितंबर को अर्थशास्त्र, नौ व दस सितंबर को अंग्रेजी और 13 व 14 सितंबर को हिन्दी के साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। संस्कृत व गणित के लिए 15 व 16 सितंबर को, जीव विज्ञान के लिए 20 व 21 सितंबर को, भूगोल के लिए 22 व 23 और नागरिक शास्त्र के लिए 23 सितंबर को साक्षात्कार का आयोजन किया गया है। 24 सितंबर को तर्कशास्त्र, उर्दू, समाजशास्त्र, सैन्य विज्ञान, गृह विज्ञान व वनस्पति विज्ञान के साक्षात्कार का आयोजन किया गया है(दैनिक जागरण,इलाहाबाद,22.8.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।