मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

24 अगस्त 2010

राष्ट्रमंडल मेहमानों को महज 500 में मिलेंगे डीयू के हॉस्टल

राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान दिल्ली पहुंचने वाले देशी-विदेशी मेहमानों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी में जब निजी होटलों के किराए आसमान पर होंगे तब दिल्ली विश्वविद्यालय के बजट हॉस्टल महज पांच सौ रुपए में उपलब्ध रहेंगे। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने फिलहाल तो मेहमानों के लिए किराए की यहीं दर निर्धारित की है। बस जरूरत है तो खेल मंत्रालय के मार्फत बुकिंग लेकर कैम्पस पहुंचने की।


राष्ट्रमंडल खेलों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के साथ-साथ जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में करीब चार हजार मेहमानों को ठहराने का इंतजाम किया जा रहा है। इसके लिए न सिर्फ पुनर्निर्माण पर लाखों रुपए का अनुदान जारी किया गया है, बल्कि सात करोड़ से ज्यादा का खर्च महज ब्यूटीफि केशन पर किया जा रहा है।


किरोड़ीमल कॉलेज हॉस्टल वॉर्डन डॉ.कुमार अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि उन्हें अपने यहां 130 मेहमानों को ठहराने का जिम्मा सौंपा गया है, जिसके लिए 40 लाख रुपए हॉस्टलों की मरम्मत और प्रति बेड 20 हजार रुपए ब्यूटीफिकेशन के लिए प्रदान किए गए हैं।


डॉ. सिंह ने बताया कि यूजीसी के साथ बीते शुक्रवार को हुई बैठक में रूम चार्जेस पर आम सहमति बन गई है। सिंगल बेड वाले पूरे रूम का किराया 800 रुपए और डबल बेड रूम (दो अलग-अलग लोगों के लिए) 500 रुपए में उपलब्ध होगा। डॉ. सिंह ने बताया कि बैठक में तय हुआ है कि मेहमानों के लिए तैयार हो रहे बजट हॉस्टलों में ब्रेकफॉस्ट का भी इंतजाम रहेगा, जिसका मैन्यू यूजीसी के मार्फत जारी होगा।


हिन्दू कॉलेज के वॉर्डन डॉ. चन्द्रचूड़ सिंह ने बताया कि चूंकि गेस्ट के आगमन और उससे वसूले जाने वाले पैसों के मुद्दे पर कॉलेजों ने हाथ खड़े कर दिए थे, सो तय हुआ कि सभी मेहमानों को खेल मंत्रालय भेजेगा। उन्होंने बताया आयोजन के दौरान जनरल ट्रेवल ऑफिस काम करेगा, जहां सभी हॉस्टलों में उपलब्ध रिहाइशी सुविधाओं के लिए बुकिंग होगी और वहीं से निर्देश मिलने पर मेहमानों को हॉस्टल में रहने दिया जाएगा।


डॉ. सिंह ने बताया कि किराया वसूलने का काम हॉस्टल प्रशासन के जिम्मे होगा और इस दौरान बेहतर सर्विस देना भी हमारी ही जिम्मेदारी होगी। इसके लिए हम विशेष तौर पर करीब एक माह के लिए हॉउस कीपिंग स्टॉफ आउटसोर्स करने जा रहे हैं, ताकि मेहमान दिल्ली व डीयू की बेहतर इमेज लेकर वापस लौटें।


यहां मिलेगा ठिकाना
राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान मेहमानों को ठहराने के लिए डीयू के हॉस्टलों की सूची में किरोड़ीमल कॉलेज, हिन्दू कॉलेज, रामजस कॉलेज, हंसराज कॉलेज, मिरांडा हाउस, सेंट स्टीफंस कॉलेज, दौलतराम कॉलेज, श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, लेडी श्रीराम कॉलेज, लेडी इर्विन कॉलेज व नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के हॉस्टलों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा, जामिया मिलिया इस्लामिया में भी 500 पुरुषों व 50 महिलाओं के ठहरने का इंतजाम किया जा रहा है।


किफायती है सौदारामजस कॉलेज के वॉर्डन डॉ. तनवीर एजाज ने बताया कि यूजीसी की ओर से निर्धारित दरों पर नजर डालें तो जिस तरह से विश्वविद्यालय के कॉलेजों में हॉस्टलों को तैयार किया जा रहा है उसे देखते हुए यह सौदा बेहद किफायती है।


उन्होंने बताया कि खर्च के लिहाज से ही नहीं, बल्कि शांति-सुकून व हरियाली के मोर्चे पर भी डीयू कॉलेज हॉस्टल अन्य रिहायशी विकल्पों से कहीं आगे है और उन्हें पूरा यकीन है कि यहां पहले ही चरण में सीटें फुल हो जाएंगी। डॉ. एजाज ने बताया कि हॉस्टलों को तैयार करने का काम अंतिम चरण में है और आगामी 15 सितम्बर तक काम लगभग पूरा कर लिया जाएगा(शैलेन्द्र सिंह,दैनिक भास्कर,दिल्ली,24.8.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।