संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अनुसूचित जाति-जनजाति के विद्यार्थियों और सभी वर्गों की छात्राओं के लिए यह एक अच्छी खबर है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में इनके लिए नि:शुल्क आवासीय कोचिंग अकादमी खुलने जा रही है। विवि अनुदान आयोग (यूजीसी) ने विवि के प्रस्ताव को न केवल हरी झंडी दी है बल्कि निर्माण के लिए सात करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया है। अम्बेडकर विवि के कुलसचिव प्रो.कामेश्वर चौधरी ने बताया कि पिछले महीने कुलपति प्रो.बी.हनुमैया की अध्यक्षता में हुई बैठक में आवासीय कोचिंग अकादमी बनाने पर सहमति बनी थी। विवि मैनेजमेंट कमेटी की बैठक के बाद बने प्रस्ताव को विश्र्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को भेजा गया था। यूजीसी ने बीते दिनों विवि के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। भवन निर्माण के लिए यूजीसी ने सात करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया है। 100 अभ्यर्थियों की क्षमता वाली अकादमी को वाइफाई सिस्टम और कम्प्यूटर से लैस में किया जाएगा। अकादमी में लेक्चर हाल के साथ अभ्यर्थियों के मनोरंजन के लिए छोटा सा सभागार भी होगा। कुलपति प्रो.बी.हनुमैया की अध्यक्षता में शनिवार को हुई भवन निर्माण कमेटी की बैठक में अकादमी के निर्माण के लिए समाज कल्याण विभाग को जिम्मा देने पर सहमति बनी है(दैनिक जागरण,लखनऊ,10.8.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।