मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

09 अगस्त 2010

होटल मैनेजमेंट में बनाएं भविष्य

पर्यटन उद्योग सबसे प्रमुख क्षेत्रों में से एक आदर-सत्कार क्षेत्र भारत में लोकप्रियता के नए आयाम छू रहा है और इस उद्योग में वास्तव में बहुत अधिक तेजी दर्ज की जा रही है। इससे देश में होटल मैनेजमेंट के क्षेत्र में रोजगार के उजले अवसर निर्मित हो रहे हैं। जो लोग अपने कार्य के प्रति सही अभिवृत्त, समर्पण भाव एवं समझबूझ रखते हैं, वे निस्संदेह इस कॅरिअर विकल्प का चयन कर सकते हैं। भावी समय में इस क्षेत्र में बढ़ने वाली प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए भारत को अगले दशक में अपनी संरचनात्मक व्यवस्था को दोगुना करना होगा और यह उन सभी प्रत्याशियों के लिए एक शुभ संकेत होगा, जो होटल मैनेजमेंट में अपना उज्जवल कॅरिअर बनाना चाहते हैं।

राष्ट्रीय होटल प्रबंधन और खान-पान टेक्नोलॉजी परिषद भारत सरकार के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत एक पंजीकृत सोसायटी है। परिषद अध्ययन के सुनियोजित पाठ्यक्रमों के माध्यम से देश के विभिन्न भागों में स्थित २४ होटल प्रबंधन और ८ खाद्य शिल्प संस्थानों में आतिथ्य प्रबंधन पाठ्यक्रमों का विनियमन करती है। परिषद आतिथ्य और सेवा क्षेत्र के लिए ११ अलग-अलग पाठ्यक्रम संचालित करती है। होटल प्रबंधन के विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिला प्राप्त करने की न्यूनतम योग्यता १०+२ निर्धारित है। होटल प्रबंधन पाठ्यक्रम के अंतर्गत आपको खाद्य उत्पादन, भोजन और पेय पदार्थ सेवा, फ्रंट ऑफिस संचालन, लेखा, प्रबंधन, कंप्यूटर, होटल प्रबंधन, विपणन एवं बिक्री तथा भोजन एवं पेय पदार्थों की व्यवस्था से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त होटल प्रबंधन से संबंधित विषय पर एक शोध परियोजना पर कार्य करने का भी अवसर मिलता है जिससे आपके ज्ञान, कल्पनाशीलता और रचनात्मकता का विकास होता है। होटल मैनेजमेंट में कॅरिअर बनाने के लिए आपको होटल मैनेजमेंट के डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना होगा जिसकी प्रवेश परीक्षा अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित की जाती है। प्रवेश के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं कक्षा तथा अधिकतम आयु २२ वर्ष निर्धारित है। चयन लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के आधार पर होता है। यह डिप्लोमा पाठ्यक्रम नई दिल्ली स्थित नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड़ केटरिंग टेक्नोलॉजी, लाइब्रेरी एवेन्यू, पूसा परिसर, नई दिल्ली द्वारा संचालित किया जाता है। उपरोक्त कोर्स पूर्ण करने के उपरांत डेढ़ वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन होटल एडमिनिस्ट्रेशन भी किया जा सकता है।

होटल मैनेजमेंट में कॅरिअर बनाने के इच्छुक विद्यार्थी यदि किसी भी अच्छे होटल प्रबंधन संस्थान से होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर लेते हैं तो उनके पास होटलों, रेस्त्रांओं, क्लबों, विमान सेवाओं, अस्पतालों, सेना, संस्थानिक कैटरिंग एवं परामर्शी फर्मों, सांस्थानिक उपकरण एवं उत्पादों की डिजाइनिंग एवं विपणन करने वाले उद्योगों, होटल विपणन एवं बिक्री, रिजार्ट ऑपरेशन, समुद्री यात्री जहाज के होटल के प्रबंधन और कॉलेज अध्यापन जैसे क्षेत्रों में रोजगार के उजले अवसर उपलब्ध रहेंगे। वे रेलवे, जहाजरानी और औद्योगिक कैंटीनों में भी रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं । पहल करने वाले और स्वप्रेरित होटल प्रबंधकों के लिए केवल होटलों एवं आदर सत्कार उद्योग में ही नहीं बल्कि सेवा सेक्टर में भी रोजगार की संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। वे जनसंपर्क और कार्पोरेट संचार के क्षेत्र में भी जा सकते हैं। अच्छा सामाजिक व्यवहार और शिष्टाचार जैसे गुण उन्हें इस उद्योग में विकास करने में सहायता दे सकते हैं। आप अपना स्वयं का व्यवसाय भी आरंभ कर सफल उद्यमी बन सकते हैं। आदर सत्कार उद्योग का करियर अत्यंत लाभदायक एवं समृद्धि वाला है। यह ठीक है कि यहाँ आपको लंबी अवधि तक या अनियमित कार्यावधि में कार्य करना पड़ता है, किन्तु उसके लिए आपको एक अत्यंत ऊंचा वेतन भी मिलता है। आप विभिन्न विकल्पों जैसे कि भोजन एवं पेय पदार्थ, खाद्य उत्पादन, हाउसकीपिंग, प्रबंधन ऑफिस, विपणन, मानव संसाधन विकास, वित्त आदि में से अपनी पसंद के विकल्प का चयन कर सकते हैं।

होटल प्रबंधन में वेतनमान बहुत आकर्षक होता है। हालांकि छोटे होटलों में अपेक्षाकृत कम वेतन दिया जाता है, किन्तु यहां भी आप विकास के कई अवसर प्राप्त कर सकते हैं। यदि आप आकर्षक , क्रियाशील और उत्साही तथा ऊर्जावान हैं, तो होटल प्रबंधन में आपके लिए पदोन्नति की कोई सीमा नहीं रहेगी। होटल प्रबंधन उद्योग निरंतर ऐसे स्मार्ट, समर्पित, कठिन परिश्रमी लोगों की खोज में रहता है, जो अपनी इन्हीं विशेषताओं के बल पर उनके उद्योग में चार चांद लगा दें।

कहां से करें कोर्स

* नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट कैटरिंग टेक्नोलॉजी एंड एप्लायड़ न्यूटीशिन, पूसा, दिल्ली

* ओबेरॉय स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट, शामनाथ मार्ग, नई दिल्ली।

* इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, औरंगाबाद ।

* इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, ईसी-३७, कोलकाता(जयंतीलाल भंडारी,मेट्रो रंग, नई दुनिया,9.8.2010)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।