मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

10 अगस्त 2010

यूपीःबीएड कालेजों ने शुरू की मनमानी

बीएड कालेजों ने एक बार फिर फीस वसूलने में मनमानी शुरू कर दी है। कालेज की फीस लखनऊ विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है लेकिन कालेज प्रबंधन इसको नहीं मान रहे। छात्र जब प्रवेश के लिए कालेज पहुंचता है तो उससे अतिरिक्त फीस मांगी जा रही है। लविवि कुलसचिव जीपी त्रिपाठी ने इस बाबत सोमवार को एक आदेश भी जारी किया है कि महाविद्यालय प्रबंधन निर्धारित शुल्क से अधिक के लिए छात्र का उत्पीड़न न करे। बीएड कालेजों की फीस निर्धारित करके उसकी जानकारी लखनऊ विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दे दी गई है। इसमें प्रदेश के 888 कालेजों की सीट का ब्योरा और निर्धारित फीस दी गई है। राजधानी के 35 बीएड कालेजों की फीस भी इसमें शामिल है। राजधानी के किसी कालेज की फीस 30,359 रुपये से अधिक निर्धारित नहीं की गई है। कालेजों द्वारा फीस की मनमानी वसूली को रोकने के लिए इस बार शासन ने फीस काउंसिलिंग केन्द्र पर ही जमा कराने का निर्णय लिया लेकिन वह भी बेअसर दिखायी दे रहा है। काउंसिलिंग के बाद छात्र कालेज में प्रवेश लेने जाता है तो उससे अतिरिक्त फीस की मांग की जा रही है। छात्रों ने लविवि प्रशासन से इस बाबत शिकायत भी की लेकिन प्रशासन ने केवल आदेश जारी कर इतिश्री कर ली(दैनिक जागरण,लखनऊ,10.8.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।