देशोस्ति हरियाणाख्य: पृथ्वीयां स्वर्ग सन्निभ: अर्थात हरियाणा नाम का एक देश है जो पृथ्वी पर स्वर्ग के समान है। यह उक्ति किसी प्राचीन ग्रंथ से नहीं बल्कि इंटरनेट पर हरियाणा की अलख जगा रहे महेंद्रगढ़ के डा.कृष्ण कुमार के ब्लाग म्हारा हरियाणा से ली गई हैं।
डा.कृष्ण कुमार जैसे तमाम ब्लागर हैं जो नेट पर हरियाणवी की अलख जगा रहे हैं। इनके सद्प्रयासों से हरियाणवी खेतों खलिहानों और खापों की परिधि लांघ कर इंटरनेट पर भी छाने लगी है। एक अनुमान के मुताबिक हरियाणा और हरियाणवी से संबंधित लगभग चार हजार ब्लाग और पोर्टल हैं। आप गूगल पर जाकर जैसे ही हरियाणवी टाइप कर सर्च कमांड देंगे ऐसे तमाम ब्लागों और पोर्टलों के लिंक मिल जाएंगे। कुछ उत्साही लोगों ने हम हरियाणवी नाम से गूगल पर ग्रुप भी बना रखा है।
हरियाणावी का परचम फहरा रहे ब्लागरों में कई तो ऐसे हैं, जो हरियाणा से दूर अन्य प्रदेशों में रह रहे हैं। पीसी शर्मा उर्फ ताऊ रामपुरिया रहने वाले रोहतक के हैं, लेकिन रोजी रोटी के जुगाड़ में इंदौर में बसते हैं। उनका ब्लाग है ताऊ डाट इन, जिसकी पंचलाइन है रामपुरिया का हरियाणवी ताऊनामा। वह अपनी पोस्ट के पहले अपने सभी प्रिय बहणों और भाइयों, भतीजों और भतीजियों को घणी राम राम करते हैं। ताऊ का यह ब्लाग हिंदी ब्लागरों में बेहद चर्चित है। पानीपत में रहने वाले प्रसिद्ध हास्य कवि योगेंद्र मौदगिल का ब्लाग भी बेहद लोकप्रिय है। जनाब अपने ब्लाग पर चुटीले दोहे और हरियाणी कविताएं पेश किया करते हैं।
गीत-संगीत का आनंद उठाएं
अगर आप हरियाणवी गीत संगीत की चाहत रखते हैं तो इसके लिए भी कई ब्लाग और पोर्टल मौजूद हैं। हरियाणवीम्यूजिकडाटकाम पर जाकर आप कर्णप्रिय हरियावी गीत संगीत का आनंद ले सकते हैं या हरियाणवी पॉप पर थिरक सकते हैं। पहले इस नाम से ब्लाग शुरू हुआ और बाद में अलग से वेब पोर्टल बनाया गया, जिस पर साफ लिखा है कि इसका उद्देश्य मुनाफा कमाना नहीं बल्कि हरियाणवी संगीत को प्रमोट करना है(जगदीश त्रिपाठी,दैनिक भास्कर,पानीपत,20.9.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।