एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए पंजाब सरकार ने राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा एक से लेकर आठ तक के छात्रों को अब ड्रेस मुफ्त देने की घोषणा की है। सरकार के इस फैसले से राज्य के करीब 22 लाख छात्रों को लाभ मिलेगा। अब वह दिन दूर नहीं, जब इन बच्चों की ड्रेस (वर्दी) अच्छे-खासे प्राइवेट स्कूलों की वर्दी को मात देगी। वर्दी में टाई, पेंट, कमीज, चमकते जूते आदि सब शामिल होंगे। इसे आगामी शैक्षणिक सत्र से लागू करने के प्रयास शुरू हो चुके हैं। शिक्षा मंत्री डा. उपिंदरजीत कौर ने इसकी पुष्टि की। राज्य में करीब 14 हजार सरकारी ऐलीमेंटरी स्कूलों में 22 लाख से ज्यादा विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन सबके लिए एक समान अच्छी वर्दी मुहैया कराने के लिए 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट बनता है। सूत्रों के अनुसार, शिक्षा विभाग तो इसी शैक्षिक सत्र से बच्चों को अच्छी वर्दी मुहैया कराने का इच्छुक था, लेकिन राज्य की आर्थिक दशा के चलते इसे आगामी सत्र तक टाल दिया गया। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, बढि़या वर्दी मुहैया कराने से पहले सरकारी स्कूलों से टाट का ठप्पा हटाना जरूरी था। डीपीआई (एलीमेंटरी) डा. साधू सिंह रंधावा ने दैनिक जागरण को बताया कि सरकार 70 करोड़ रुपये की लागत से सभी स्कूलों में टाट की जगह डेस्क मुहैया कर रही है। इसके अलावा मिड-डे मील के लिए सभी बच्चों को 10 करोड़ रुपये के बर्तन भी मुहैया किए जा रहे हैं। इस समय बच्चे अपने बर्तन लेकर आते हैं(दैनिक जागरण,चंडीगढ़,29.9.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।