मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

11 अक्टूबर 2010

उत्तराखंडःशिक्षा विभाग में सैकड़ों को पदोन्नति,1800 को नियुक्ति

सरकार के ताजातरीन फैसले ने शिक्षा महकमे में निदेशक से लेकर प्रधानाचार्य व प्रवक्ता समेत तकरीबन सैकड़ों पदोन्नति का रास्ता साफ कर दिया है। डाउनग्रेड प्रमोशन से 372 प्रधानाचार्य भी अब नियमितीकरण की दायरे में होंगे। 
उधर, महकमे ने प्रशिक्षित बेरोजगारों को भी एलटी के रिक्त 1800 पदों पर नियुक्ति का मौका थमा दिया है। महकमे में लंबे अरसे से प्रशिक्षित बेरोजगारों को रोजगार देने और अधिकारियों के पदों पर पदोन्नति की कसरत अब मुकाम पर जा पहुंची है। कैबिनेट के पदोन्नति के पदों पर समय सीमा में 50 फीसदी शिथिलीकरण के फैसले से शिक्षकों, प्रधानाचार्यो से लेकर समूह-ख और समूह-क के रिक्त पदों पर लंबे अरसे से बरकरार सूखा खत्म होने को है। इस फैसले का शासनादेश जारी होते ही महकमे में निदेशक, अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक, उप निदेशक, सहायक निदेशक, प्रधानाचार्यो के पदों पर बतौर कार्यवाहक कार्यरत अफसरों को नियमित किया जा सकेगा। राज्य लोक सेवा आयोग के दायरे के प्रवक्ता पदों पर भी शिक्षकों को पदोन्नति मिलेगी। उधर, महकमे ने एलटी के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती और पांच फीसदी प्राइमरी शिक्षकों को समायोजित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिक्त पदों पर सीधी भर्ती को आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। परीक्षा प्राविधिक शिक्षा परिषद, रुड़की आयोजित करेगा। तकरीबन 1800 पदों पर सीधी भर्ती होगी। तकरीबन तीन सौ पदों पर प्राइमरी शिक्षकों को पदोन्नत किया जाना है। सीधी भर्ती के लिए परिषद में आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि पांच नवंबर रखी गई है(दैनिक भास्कर,देहरादून,11.10.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।