दशहरे के बाद,दिल्ली शिक्षा निदेशालय के स्कूलों में काम कर रहे गेस्ट टीचरों की मौज होने जा रही है। निदेशालय ने अपने गेस्ट टीचरों के पैकेज में पचास फीसद से अधिक की बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी सहायक शिक्षकों, टीजीटी व पीजीटी शिक्षकों के लिए अलग-अलग की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में निदेशालय के अधीन करीब 937 स्कूल है। इनमें 150 से 200 गेस्ट टीचर है। इन गेस्ट शिक्षकों का पैकेज कम था, जिसे बढ़ाने का फैसला किया गया है। नए आदेश के बाद पीजीटी गेस्ट शिक्षक, जिन्हें अभी तक 12 हजार 500 रुपये मिलते थे, उन्हें अब प्रतिमाह 18 हजार रुपये मिलेंगे। ऐसे शिक्षकों को पीरियड के हिसाब से पैकेज दिया जाता है। पीजीटी शिक्षकों को अब प्रति पीरियड 100 की जगह 150 रुपये दिए जाएंगे। इसी प्रकार, टीजीटी शिक्षकों को प्रतिमाह अब 10 हजार रुपये के बजाय 15 हजार रुपये महीना दिया जाएगा। टीजीटी शिक्षकों को 80 रुपये प्रति पीरियड के हिसाब से मिलता था, अब उन्हें 120 रुपये प्रति पीरियड मिलेगा। शिक्षकों को एक दिन में 5 पीरियड मिलते है। इस प्रकार, हफ्ते के 6 दिनों में 30 पीरियड बन जाते है। सहायक शिक्षकों को अभी तक 5 हजार रुपये महीना मिल रहा था, लेकिन अब इन शिक्षकों को 9 हजार 500 रुपये महीना दिया जाएगा। सहायक शिक्षकों को प्रतिदिन के हिसाब से 200 रुपये अदा किए जाते थे। लेकिन अब ऐसा शिक्षकों को 380 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दिए जाएंगे। गवर्नमेंट स्कूल टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ओम सिंह व सचिव डीके तिवारी ने कहा कि एसोसिएशन ने पिछले छह माह से निदेशालय से ये मांग की हुई थी कि गेस्ट शिक्षकों के वेतन बढ़ाए जाएं(राकेश नाथ,राष्ट्रीय सहारा,दिल्ली,11.10.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।