मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

10 अक्टूबर 2010

आसान नहीं रहा नौकरी बदलना

ग्लोबल मंदी के असर से बाहर आ चुकी भारतीय अर्थव्यवस्था एक बार फिर सरपट दौड़ने लगी है। अर्थव्यस्था की तेज रफ्तार से कंपनियों की बढ़ती आमदनी व मुनाफा बढ़ने के साथ ही नौकरियों के अवसरों में भी इजाफा हुआ है। ऐसे माहौल में अब कर्मचारियों में नौकरियां बदलने का रुझान भी जोर पकड़ गया है।

एचआर विशेषज्ञों की मानें तो इस कूद-फांद को रोकने के लिए कई कंपनियों ने नियुक्तियों के प्रतिस्पर्धारोधी तरीके को अपनाने की पहल की है। इन कंपनियों ने एक-दूसरे के कर्मचारियों को नौकरी नहीं देने का आपसी करार कर रखा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि कोई भी कंपनी बेहतरीन कर्मचारी को गंवाना नहीं चाहती। इस तरह की प्रवृत्ति खासतौर पर आईटी क्षेत्र में देखने को मिल रही है। इसी क्षेत्र के कर्मचारी सबसे ज्यादा नौकरी बदलते हैं। स्टाफिंग फर्म एक्जीक्यूटिव एक्सेस [इंडिया] के एमडी रोनेश पुरी ने कहा कि प्रतिस्पर्धारोधी नियुक्ति का उपाय दो तरीकों से अपनाया जा रहा है। इनमें औपचारिक तरीके के तहत कंपनियां विधिवत करार कर रही हैं, जबकि अनौपचारिक में एक-दूसरे के कर्मियों को नौकरी न देने की आपसी सहमति बन जाती है। आईटी कंपनियां प्रतिस्पर्धारोधी नियुक्ति के उपाय को अधिक अमल में ला रही हैं।

देश में कई ऐसी कंपनियां हैं, जिन्होंने ऐसी प्रतिस्पर्धियों की सूची बनाई है, जिनके कर्मचारियों को अपने यहां नौकरी पर नहीं रखना है। हालांकि कंपनियां इसका पूरी तरह पालन कम ही करती हैं। नियुक्ति प्रक्रिया आउटसोर्सिग कंपनी एलिक्सर में मैनेजर शालिनी उदमाले ने कहा कि कई घरेलू कंपनियों ने नियुक्ति नीतियों को लेकर विशेष करारों पर काम करना शुरू कर दिया है। ये कंपनियां खुद को 'डू नॉट कोल्ड कॉल लिस्ट' में भी शामिल कर रही हैं। हालांकि किसी भी कंपनी ने प्रतिस्पर्धारोधी नियुक्ति करार को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब नहीं दिया।

विशेषज्ञों का कहना है कि बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धारोधी नियुक्ति व्यवहार को अपनाया जा रहा है। पुरी ने कहा कि टेक्नोलॉजी, टेलीकॉम, हेल्थकेयर व अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी नीति देखने को मिल रही है, भले ही सीमित रूप में सही। एलिक्सर की एक अन्य मैनेजर प्रीति अग्रवाल ने कहा कि प्रतिस्पर्धी कंपनियों से कोल्ड कॉलिंग की अनुमति नहीं होनी चाहिए। इससे काम का माहौल अच्छा बनेगा(जागरण,10.10.2010)।

1 टिप्पणी:

  1. एचआर विशेषज्ञों की मानें तो इस कूद-फांद को रोकने के लिए ,, haaa haa

    जवाब देंहटाएं

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।