मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

15 अक्टूबर 2010

छत्तीसगढ़ःपंचायत कर्मियों को मिलेगा मंहगाई और यात्रा भत्ता

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के लगभग 10 हजार पंचायत कर्मियों को 49 फीसदी मंहगाई भत्ता और 250 रूपए मासिक स्थाई यात्रा भत्ता देने का फैसला किया है।

आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यहां बताया कि राज्य शासन ने राज्य के लगभग 10 हजार पंचायत कर्मियों को 49 प्रतिशत महंगाई भत्ता और 250 रूपए मासिक स्थाई यात्रा भत्ता देने का फैसला किया है। महंगाई भत्ता और स्थाई यात्रा भत्ता उन्हें इस महीने की पहली तारीख से देय होगा। यह महंगाई भत्ता राज्य के शिक्षा कर्मी वर्ग-तीन के समकक्ष होगा।

अधिकारियों ने बताया कि इस फैसले से राज्य के पंचायत कर्मियों को पहली बार महंगाई भत्तो का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। अब तक इनके लिए महंगाई भत्तो का प्रावधान नहीं था। अब 49 प्रतिशत महंगाई भत्तो के साथ उनका वेतन बढ़कर चार हजार 230 रूपए हो जाएगा। लगभग 15 साल पहले पंचायत कर्मियों को केवल पांच सौ रूपए के निश्चित मासिक मानदेय पर पंचायतों द्वारा नियुक्त किया जाता था।

उन्होंने बताया कि राज्य शासन ने पंचायत कर्मियों के पदनाम को बदलकर ग्राम पंचायत सचिव रखने का भी फैसला किया है। कर्मी शब्द को अब विलोपित कर दिया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में नक्सल हिंसा में किसी पंचायत कर्मी की आकस्मिक मृत्यु होने पर उनके परिवार के एक सदस्य को अनुकम्पा नियुक्ति की पात्रता होगी।

राज्य के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री राम विचार नेताम ने बताया कि राज्य में नौ हजार 734 ग्राम पंचायतें हैं। पंचायत कर्मियों द्वारा इन ग्राम पंचायतों में राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं का क्त्रियान्वयन किया जाता है(दैनिक जागरण संवाददाता,रायपुर,15.10.2010)।

1 टिप्पणी:

  1. बेहतरीन पोस्ट .आभार !

    महाष्टमी की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं !!

    जवाब देंहटाएं

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।