दुर्गापूजा की छुट्टी के बाद नेतरहाट व हजारीबाग आवासीय विद्यालय में चयनित अभ्यर्थियों की दूसरी सूची जारी कर दी जाएगी। इसके लिए छात्रों की काउंसेलिंग हो चुकी है। नेतरहाट आवासीय विद्यालय की खाली 56 सीटों पर नामांकन होना है। वहीं, इंदिरा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, हजारीबाग में खाली 22 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। दोनों स्कूलों में नामांकन प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने के कारण नया सत्र शुरू नहीं हो पाया है। स्कूल प्रशासन की तरफ से झारखंड एकेडमिक काउंसिल पर शीघ्र कार्रवाई के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
काउंसिल द्वारा दोनों स्कूलों में खाली सीटों को भरने के लिए काउंसेलिंग कराई गई है। हालांकि नेतरहाट आवासीय विद्यालय की खाली 56 सीटों के लिए मात्र 48 छात्र ही काउंसेलिंग में उपस्थित हुए। काउंसिल द्वारा 87 छात्रों को इसके लिए आमंत्रित किया गया था। हजारीबाग आवासीय बालिका विद्यालय में खाली 22 सीटों के लिए 37 छात्राओं को बुलाया गया था। इनमें केवल 23 छात्राएं ही 11 अक्टूबर को उपस्थित हुई। अब दोनों स्कूलों में सीटों के भर पाने पर संकट बरकरार है। जैक का कहना है कि काउंसेलिंग में भाग लेनेवाले छात्रों के प्रमाण पत्रों की जांच का कार्य चल रहा है। दोनों स्कूलों की सूची भी शीघ्र जारी की जाएगी। हालांकि जांच कार्य के दौरान कुछ छात्रों के प्रमाण पत्र में गड़बड़ी का मामला आया है। जांच अभी चल रही है। इसलिए खुलकर कोई पदाधिकारी कुछ नहीं बोल रहा है। जैक का कहना है कि पूजा की छुट्टी के बाद स्कूलों को पूरी सूची भेज दी जाएगी।
'दुर्गापूजा के बाद नेतरहाट व हजारीबाग आवासीय विद्यालय में नामांकन के लिए योग्य छात्र-छात्राओं की सूची भेज दी जाएगी। जांच का कार्य अंतिम चरण में है। नामांकन में गड़बड़ी के कारण कुछ विलंब हुआ है। जैक शीघ्र दोनों स्कूलों में नया सत्र शुरू कराने पर कृतसंकल्प है।'
- लक्ष्मी सिंह, अध्यक्ष, झारखंड एकेडमिक काउंसिल(दैनिक जागरण संवाददाता,रांची,16.10.2010)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।