विश्व विख्यात द दून स्कूल अपने गौरवशाली इतिहास के साथ अपनी प्लेटिनम जुबली मनाने जा रहा है। डीएस 75 जुबली समारोह में राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल, भूटान के राजा जिग्मे खेसर वांगचुक, मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल, करण थापर, विक्रम सेठ समेत देश-विदेश कीअनेक हस्तियां शिरकत करेंगी। समारोह 21 से 24 अक्टूबर तक चलेगा। इसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान पूर्व छात्रों के आगमन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्कूल के इतिहास को समेटती प्रदर्शनी खास आकर्षण रहेंगी। द दून स्कूल में पत्रकारों से बातचीत में हेड मास्टर डॉ. पीटर मैक्लाहलीन ने आधिकारिक रूप से समारोह की घोषणा की। उन्होंने बताया कि डीएस 75 जुबली समारोह के तहत खास आयोजन 22 व 23 अक्टूबर को होंगे। डीएस 75 जुबली समारोह में द दून स्कूल के पूर्व छात्र व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी के दून पहुंचने की संभावना है। हालांकि, अभी तक उनके आने की पुष्टि नहीं हो पाई है। दू दून स्कूल प्रशासन ने बताया कि स्कूल की ओर से उन्हें निमंत्रण भेजा गया है। द दून स्कूल के पाकिस्तान के दर्जनों पूर्व छात्रों के आने की भी सूचना है। दून स्कूल में आजादी से पहले और बाद में पाकिस्तान के हजारों छात्रों ने शिक्षा ग्रहण की है। कार्यक्रम में सभी पूर्व छात्रों को आमंत्रित किया गया है। उम्मीद है कि पाकिस्तान से खासी संख्या में पूर्व छात्र समारोह में शिरकत करेंगे। 22 अक्टूबर को फाउंडर्स डे इनागरल स्पीच के तहत मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल, यूनिक आइडेंटिफिकेशन आथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नंदन निलेकनी व हार्वर्ड विवि में चिकित्सा शिक्षा के प्रोफेसर डॉ. संजीव चोपड़ा के व्याख्यान होंगे। इसके अलावा द दून स्कूल के गौरवान्वित करने वाले इतिहास की झलक देखने को मिलेगी प्रदर्शनी में। साथ ही छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटक, स्कल्पचर मेकिंग, रोप क्लाइबिंग, संगीत व नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे(दैनिक जागरण,देहरादून,10.10.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।