मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

02 अक्टूबर 2010

सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में करिअर

इंटरनेट की पहुंच लगातार बढ़ती जा रही है। चाहे किसी विषय पर जानकारी लेनी हो या फिर किसी पुराने दोस्त की तलाश करनी हो, इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले गूगल, याहू, बिंग, लाइकोस आदि जैसी वेबसाइट का सहारा लेते हैं। कारोबार की बढ़ोतरी में भी इंटरनेट के इन सर्च इंजन का अहम योगदान है। क्या आपने इस बारे में सोचा है कि गूगल, याहू, अल्टाविस्टा आदि वेबसाइट पर जब आप किसी चीज की खोज करते हैं तो परिणामों की संख्या कितनी होती है और आप उनमें से कितने पृष्ठ देखते हैं।

अधिकांश लोग खोज परिणामों के शुरुआती 3 पृष्ठों को ही देखते हैं जबकि परिणामों की संख्या लाखों में होती है। वेबसाइट के जरिए अपनी पहचान मजबूत करने और कारोबार में इजाफे के लिए कंपनियां शुरुआती 3 पेज में आने के लिए सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन का सहारा लेती हैं। इंटरनेट इस्तेमालकर्ताओं की बढ़ती संख्या के साथ ही सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन के विशेषज्ञों की मांग भी बढ़ रही है। इस क्षेत्र में अवसरों की कमी नहीं है।

पिछले 15 साल से वेबसाइट डिजाइन और डेवलपमेंट के साथ-साथ सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन का काम कर रहे गोपाल ठाकुर कहते हैं कि कुछ साल पहले तक कुछ साल पहले तक वेबसाइट डिजाइन करने वाले ही सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन का काम किया करते थे। अब तो गली का ट्रेवल एजेंट भी वेबसाइट बनवा रहा है और चाहता है कि सर्च इंजन में ढूंढने पर उसकी वेबसाइट का नाम भी आए। सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में करियर बनाने के लिए वेबसाइट डेवलपमेंट से जुड़ी तकनीकों की जानकारी होना जरूरी है। विभिन्न संस्थान सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन का कोर्स कराती हैं। वेबसाइट डिजाइनिंग सीखने वाले सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में विशेषज्ञता हासिल कर सकते हैं।

विशेष रूप से सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन की सेवा देने वाली कंपनियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। वेबसाइट डिजाइनिंग, डेवलपमेंट और वेबसाइट होस्टिंग की सेवा उपलब्ध कराने वाली कंपनियां सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन तकनीक के विशेषज्ञों को अपने यहां नौकरी देती हैं। ऐसी कंपनियां आम तौर पर विभिन्न वेबसाइट के प्रमोशन का काम करती हैं। इसके अतिरिक्त बड़ी कंपनियां अपनी वेबसाइट की ट्रैफिक बढ़ाने के लिए सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन के जानकारों को रखती है।

एसईओट्रेनिंगइंस्टीट्यूट डॉट कॉम के मुकेश कुमार कहते हैं कि मौजूदा दौर में एक अनुभवी सर्च इंजन ऑप्टिमाइजर को 60,000 रुपये तक की नौकरी मिलती है जबकि नौकरी की शुरुआत करने वालों को 8,000 रुपये से 12,000 रुपये मिलते हैं।

जरूरत - सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में करियर बनाने के लिए वेबसाइट डेवलपमेंट से जुड़ी तकनीकों की जरूरी है जानकारी

अवसर - इंटरनेट इस्तेमालकर्ताओं की बढ़ती संख्या के साथ ही सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन के विशेषज्ञों की भी बढ़ रही है मांग

वेतन - अच्छी तरह प्रशिक्षित सर्च इंजन ऑप्टिमाइजर को मिलता है 8,000 रुपये से लेकर 12,000 रुपये तक का शुरुआती वेतन(बिजनेस भास्कर,दिल्ली,2.10.2010 से साभार)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।