मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

11 नवंबर 2010

झारखंडः65 साल में होंगे रिटायर शिक्षक

झारखंड सरकार कॉलेज शिक्षकों के रिटायर होने की उम्र 62 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष करने जा रही है। बुधवार को अपने आवास पर दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में मानव संसाधन विकास मंत्री बैद्यनाथ राम ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के निर्देशानुसार, सरकार सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाने पर सहमत हो गई है। जल्द ही इसकी अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके लिए विभागीय प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि छठ पर्व के बाद कॉलेज के शिक्षकों को यूजीसी का नया वेतनमान भी दे दिया जाएगा।

बैद्यनाथ ने कहा कि यूजीसी के नियमों को मानना राज्य सरकार के लिए बाध्यकारी है। अन्यथा यूजीसी से मिलने वाला अनुदान प्रभावित हो सकता है।

कितने होंगे लाभान्वित
सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ने से राज्य के पांच विश्वविद्यालयों के करीब 600 शिक्षकों को चालू वित्त वर्ष में लाभ होगा। इनमें रांची विश्वविद्यालय रांची, विनोबा भावे विवि हजारीबाग, सिदो-कान्हू विवि दुमका, नीलांबर पीतांबर विवि मेदिनीनगर और कोल्हान विवि जमशेदपुर शामिल हैं।

वित्त विभाग को भेजी फाइल
मानव संसाधन विकास विभाग ने राष्ट्रपति शासन के दौरान कॉलेज शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया था। उच्चधिकारियों की असहमति के कारण यह प्रस्ताव एडवाइजरी काउंसिल तक नहीं पहुंच पाया था। अजरुन मुंडा की सरकार बनने के बाद मानव संसाधन विकास मंत्री बैद्यनाथ राम ने इस मामले को गंभीरता से लिया और इस दिशा में नए सिरे से कार्यवाही शुरू की। अब इससे संबंधित फाइल वित्त विभाग में सहमति के लिए भेजी गई है।

हाइकोर्ट में भी है मामला
केंद्र और दूसरे राज्यों की तरह उम्र सीमा बढ़ाने को लेकर सेवानिवृत्त होनेवाले दर्जनों शिक्षक हाईकोर्ट की शरण में चले गए थे। इस मामले में पिछले महीने झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस एनएन तिवारी ने संबंधित शिक्षकों की सेवानिवृत्ति पर स्थगन आदेश दे दिया था।

काफी पुरानी है ये मांग
राज्य के कॉलेज शिक्षक संघों द्वारा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की तर्ज पर सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। हाल ही में जीएलए कॉलेज डालटनगंज के प्राचार्य अवध किशोर सिंह और प्रो रामलाल तथा फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन झारखंड के डॉ. मिथिलेश के नेतृत्व में शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल मंत्री बैद्यनाथ राम से मिला था। इस दौरान मंत्री ने उनकी मांगों को यथाशीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया था(राजेश सिंह,दैनिक भास्कर,रांची,11.11.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।