मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

23 नवंबर 2010

यूपीःप्रवेश पत्र बनाने में फूले हाथ पांव

यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के पंजीकरण और परीक्षा फॉर्म में भारी गड़बड़ियों के कारण परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र तैयार करने में कर्मचारियों के हाथ पांव फूल गए हैं। अब तक जितने आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग की गई, उसमें प्रदेश के लगभग छह लाख परीक्षार्थियों के आवेदन पत्रों में कोई न कोई गड़बड़ी है। गड़बड़ी के बारे में डीआईओएस के माध्यम से स्कूलों को सूचना भी दी गई लेकिन उसे सही करने का प्रयास नहीं किया गया। फॉर्म पर गलतियां सुधारें बिना प्रवेश पत्र बन नहीं सकता और न बने तो परीक्षा में भारी मुश्किल होगी। कर्मचारियों का कहना है कि इन खामियों को ठीक न करने का सीधा मकसद परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी कराना है। विभाग की तरफ से खामियों को ठीक करने के लिए नए सिरे से शुद्धि पत्रक भरने का नोटिस दिया गया है।

पिछले वर्ष लगभग साढ़े तीन लाख परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र में गड़बड़ी थी जिसे सुधरवाने के नाम पर परीक्षा से ठीक पहले बड़े पैमाने पर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराए गए। कई जिलों में डीआईओएस दफ्तर के बाबुओं और प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों ने खुद ही प्रवेश पत्र तैयार करके छात्रों को दे दिए। कुछ विद्यालयों ने तो बोर्ड से रोलनंबर लेने तक की जरूरत नहीं समझी।

कर्मचारियों का कहना है कि ऐसी गड़बड़ियां न हों, इसके लिए बड़े अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। मामला छह लाख परीक्षार्थियों का है इसलिए सीधे आवेदन रद्द करना भी संभव नहीं है। ऐन मौके पर गड़बड़ी न हो, इसके लिए प्रयास होगा कि शुद्धि पत्रक न भरने पर विभाग अपनी तरफ से सही जानकारियां जुटाकर वक्त से पहले प्रवेश पत्र तैयार कराए। जरूरत पड़ी तो स्कूल का रजिस्टर मंगाकर उससे सही ब्योरे लिए जाएंगे(अमर उजाला,इलाहाबाद,23.11.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।