अगर आप 12वीं पास करने के बाद सेना में अफसर बनने का सपना देख रहे हैं, तो इसे सच कर दिखाने का सबसे अच्छा माध्यम है एनडीए परीक्षा यानी नेशनल डिफेंस एकेडमी एग्जामिनेशन। यूपीएससी (संघ लोक सेवा आयोग) वर्ष में दो बार अप्रैल/मई व अगस्त/सितंबर में यह परीक्षा आयोजित करता है। अगले वर्ष अप्रैल में होने वाली एनडीए परीक्षा की घोषणा कर दी गई है। इसमें सफलता के लिए लिखित परीक्षा की तैयारी काफी महत्वपूर्ण है।
परीक्षा का स्वरूप
लिखित परीक्षा में ढाई-ढाई घंटे के दो पेपर होंगे- पहला मैथ्स और दूसरा जनरल एबिलिटी। परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आपको एसएसबी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। मैथ्स का पेपर 300 और जनरल एबिलिटी का 600 अंकों का होता है।
बेसिक्स से शुरू करें
12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे छात्रों को इस परीक्षा की तैयारी के लिए काफी कम समय मिलता है। इसके लिए उन्हें चाहिए कि वह अपने व्यस्त समय में से कुछ समय निकाल कर 10वीं की सामाजिक विज्ञान पुस्तकों की रिवीजन करें। हफ्ते में एक बार 10वीं की टेक्स्ट बुक्स जरूर पढ़ें। परीक्षा में कुछ सवाल ऐसे होते हैं जिसके लिए भारत व विश्व के मानचित्र की जानकारी होनी चाहिए। इसलिए एटलस पर भी नजर जरूर डालें। मैथमेटिक्स के सिलेबस में अरिथमेटिक, मेंसुरेशन, एलजेब्रा, जिओमेट्री, ट्रिग्नोमेट्री, स्टैटिस्टिक्स व प्रोबैबिलिटी आदि विषय शामिल हैं। प्रश्न-पत्र में सवालों का पैटर्न ऐसा होगा, जिसके जरिए आपकी सैद्धांतिक समझ की जांच की जाएगी। इसलिए तैयारी के दौरान तमाम विषयों के कॉन्सेप्ट अच्छी तरह क्लियर रखें। 120 प्रश्नों को निर्धारित समय में हल करने के लिए शॉर्टकट मेथड्स का भी ज्ञान होना चाहिए। ध्यान रहे कि प्रश्न सिलेबस में शामिल सभी विषयों से आते हैं। ऐसे में कोई विषय नहीं छोड़ें। हर परीक्षा की तरह इस परीक्षा में भी क्वाड्रेटिक इक्वेशन से सवाल आएंगे। अगर कॉन्सेप्ट पर पकड़ है, तो एलजेब्रा और जिओमेट्री विषय आपके लिए स्कोरिंग हो सकते हैं। इस पेपर की तैयारी का सबसे अच्छा तरीका यही है कि टाइमिंग के साथ अधिक से अधिक मॉडल पेपर हल करें।
जनरल एबिलिटी
यह पेपर कुल 600 अंकों का होगा और 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। यानी प्रत्येक प्रश्न हल करने के लिए एक मिनट का समय मिलेगा। यह पेपर दो पार्ट्स में बंटा होता है - अंग्रेजी और जनरल नॉलेज।
अंग्रेजी
200 अंकों का पेपर इसी विषय से होगा, इसलिए अभ्यर्थीं इसे हल्के में न लें। इस विषय में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए ज्यादा से ज्यादा रीडिंग की जरूरत होती है। इससे आपको कॉम्प्रीहेंशन में काफी मदद मिलेगी। कुछ टॉपिक्स ऐसे हैं, जिनमें खास प्रैक्टिस की जरूरत होती है, जैसे टेंस, प्रीपोजीशन, सब्जेक्ट वर्ब रिलेशनशिप। सेन्टेंस में ग्रामर संबंधी गलतियां पहचानने के लिए ज्यादा से ज्यादा अभ्यास करें। पैराग्राफ में सेन्टेंसेज को सही क्रम में लगाना भी आना चाहिए। एंटोनिम्स और सिनोनिम्स के लिए वोकाबुलरी अच्छी करने की जरूरत है।
जनरल नॉलेज
इस सेक्शन में फिजिक्स, केमिस्ट्री और जनरल साइंस से 50 प्रतिशत प्रश्न पूछे जाएंगे। ऐसे में आर्ट्स बैकग्राउंड वाले अभ्यर्थियों को इसमें अच्छा स्कोर प्राप्त करने के लिए ज्यादा मेहनत की जरूरत होगी। साइंस में फिजिक्स के कॉन्सेप्चुअल, केमिस्ट्री के सीधे और बायोलॉजी के तथ्यात्मक प्रश्न आते हैं। इतिहास, भारतीय राजनीति और भूगोल विषयों का सिलेबस बेहद विस्तृत होता है। इसलिए इन विषयों में सेलेक्टिव स्टडी करनी चाहिए। मसलन मध्यकालीन और प्राचीन भारत के इतिहास की तुलना में आधुनिक भारत के इतिहास से ज्यादा प्रश्न आते हैं। इसलिए अभ्यर्थियों को आधुनिक भारत के इतिहास पर ज्यादा फोकस करना चाहिए। भूगोल में तथ्यों को रटने की बजाय समझना चाहिए। राजनीतिक विज्ञान में संविधान के महत्वपूर्ण अनुच्छेद, मौलिक अधिकार और वरिष्ठ राजनीतिक पदों की जानकारी होनी चाहिए। करंट अफेयर में विभिन्न कमीशन्स, देश व विश्व स्तरीय प्रतिष्ठित सरकारी व निजी संस्थाएं, उनके प्रमुख, खेल प्रतियोगिताएं, पुरस्कार, प्रसिद्ध किताबें व उनके लेखकों के बारे में भी पता होना चाहिए। इनके लिए अच्छी ईयर बुक, मासिक करंट अफेयर मैग्जीन व अखबार का नियमित तौर पर अध्ययन करते रहें।
तैयारी के मुख्य बिंदु
-परीक्षा से पहले 11वीं और 12वीं का पूरा सिलेबस कवर करें।
-शॉर्ट कर्ट्स मेथड्स के कॉन्सेप्ट पर ज्यादा ध्यान दें।
-जल्दी हल निकालने के लिए महत्वपूर्ण फॉर्मूले टिप्स पर याद होने चाहिए।
-प्रॉब्लम सॉल्विंग स्पीड बढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रैक्टिस करें।
-लंबी थ्योरम्स को याद करने की बजाय उनकी एप्लीकेशन्स समझकर याद करें।
-परीक्षा के दौरान पहले आसान प्रश्नों को हल करें, फिर मुश्किल प्रश्नों को।
-परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान है। इसलिए तुक्का मारने से बचें।
-समय-समय पर पुराने प्रश्न-पत्रों को टाइमिंग के साथ हल करें।
एनडीए परीक्षा - 2011
शैक्षणिक योग्यताः आर्मी - किसी भी विषय से 12वीं पास
एयर फोर्स व नेवल विंग - फिजिक्स व मैथमेटिक्स विषयों के साथ 12वीं पास
(12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं।)
जन्मः 2 जनवरी, 1993 से 1 जुलाई, 1995 तक
अंतिम तिथिः 15 नवंबर, 2010
परीक्षा तिथिः 17 अप्रैल, 2010
(मेजर सुनील चोपड़ा (रिटायर्ड),अमर उजाला,9.11.2010)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।