मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

24 नवंबर 2010

पीलीभीतःबदले प्राचार्य के सुर, आदेश वापस

सोलह घंटे बाद ही विवि में मिले मूलमंत्र का फलसफा समझाया गया तो कालेज प्रशासन का सुर बदल गया। इसके बाद तुरंत ही कालेज प्रशासन बैकफुट पर दिखा। परीक्षा समिति की बैठक में निर्णय लिया गया है कि जिले के सभी बीए प्रथम वर्ष (व्यक्तिगत) छात्रों के फार्म उपाधि कालेज में ही जमा किये जायेंगे। हालांकि कालेज के कुछ प्रवक्ता इस निर्णय से आहत नजर आये।
उपाधि महाविद्यालय में यूं तो कालेज प्रशासन ने पहले ही साफ कर दिया था कि बीस नवम्बर के बाद कोई फार्म जमा नहीं किये जायेंगे। इसके लिये बाकायदा सोमवार की शाम को लिखित आदेश जारी किया गया कि कोई बीए प्राइवेट का प्रथम वर्ष का चालान जमा नहीं किया जायेगा। लेकिन कालेज के प्राचार्य डा पीके सिंह विवि गये और रजिस्ट्रार से कालेज की दिक्कत को बया किया। परीक्षा समिति की बैठक में विवि एक्ट पर चर्चा करते हुये प्राचार्य डा सिंह को समझा दिया गया कि छात्र हित सर्वोपरि है फार्म जमा होंगे जिला मुख्यालय के कालेज में ही। एग्जाम के लिये व्यवस्था कर ली जायेगी। इसके लिये शहर के स्प्रिंगडेल कालेज, पुष्प कालेज और जेएमबी को अधिग्रहीत करा दिया जायेगा। यूनिवर्सिटी की मंशा को कालेज प्रशासन ने भी समझ लिया। इधर कालेज में बीए प्रथम वर्ष प्राइवेट के छात्र चालान जमा न होने के कारण हंगामा मचाये हुये थे। प्राचार्य ने विवि में बैठक के बाद यहां इलाहाबाद बैंक प्रशासन को फोन पर सूचित कर चालान जमा करने के आदेश दे दिये जिससे बैंक प्रशासन भी असमंजस में रहा कि आखिर यह हुआ क्या? कालेज के कुछ प्रवक्ता कालेज की क्षमता नहीं होने के कारण इस निर्णय से थोड़ा असहज से दिखे। लेकिन छात्रों के लिये यह गुड न्यूज है कि पूरनपुर हो या बीसलपुर या जिला मुख्यालय के छात्र सभी के प्राइवेट फार्म तीस नवम्बर तक उपाधि कालेज में ही जमा होंगे। प्राचार्य डा पीके सिंह ने बताया कि शहर के तीन कालेजों का अधिग्रहण कर एग्जाम कराया जायेगा। छात्रों को दिक्कत नहीं होने दी जायेगी(दैनिक जागरण,पीलीभीत,24.11.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।