प्रबंधन विशेषज्ञों की बढ़ती मांग को एक बार फिर से दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के एमबीए छात्रों की ताबड़तोड़ प्लेसमेंट ने साबित कर दिया है। बीते साल दिल्ली स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के तहत विश्वविद्यालय में शुरू हुई एमबीए की पढ़ाई करने वाले छात्रों को कोर्स पूरा करने से पहले ही मोटी सैलरी के साथ नौकरी का ऑफर मिला है।
न सिर्फ एमबीए बल्कि विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग के छात्रों का प्रदर्शन भी बीते सालों के मुकाबले उम्दा नजर आ रहा है और अब तक 300 से ज्यादा छात्रों के हाथों में नौकरी आ चुकी है। पैकेज की बात करें तो यहां अब तक 3 से 10.49 लाख रुपए सालाना पैकेज की नौकरी छात्रों को मिली है जिसे दिवाली पर बंपर ऑफर कहा जा सकता है।
डीटीयू में जारी प्लेसमेंट प्रक्रिया के तहत इंजीनियरिंग हो या एमबीए कैंपस आ रही कंपनियां छात्रों को हाथों हाथ ले रही हैं। खासकर प्लेसमेंट में बीते साल ही दिल्ली स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के तहत शुरू हुए एमबीए छात्रों को भी मोटे सैलेरी पैकेज ऑफर दिए जा रहे हैं।
सात एमबीए छात्रों को मिशलिन टॉयर ने अपने यहां जॉब दी है जिन्हंे 5 लाख से ऊपर के पैकेज ऑफर किया गया है। इसी तरह अब तक के अधिकतम पैकेज की बात करें तो यह डीटीयू इंजीनियरिंग के छात्रों को मिला है। माइक्रोसॉफ्ट की ओर से चार छात्रों को मिला यह ऑफर 10.49 लाख रुपए सालाना का है।
प्रशासन की माने तो अभी तो यह शुरुआत है न सिर्फ जॉब बल्कि सैलरी पैकेज में आने वाले समय में और ज्यादा उछाल देखने को मिलेगा। विश्वविद्यालय की प्रवक्ता रश्मि सबलानिया ने बताया कि एक विवि के तौर पर डीटीयू में इस साल दूसरी प्लेसमेंट प्रक्रिया अंजाम दी जा रही है। इस सेशन में कुल 300 छात्र-छात्राओं को 55 नामी गिरामी कंपनियों में प्लेसमेंट मिली है। इस साल एनटीपीसी ने 17 छात्र-छात्राओं को 9.8 लाख रुपये पैकेज दिया है।
वहीं आरबीएस ने 16 स्टूडेंट को 7.5 लाख रुपये की पेशकश की है। बीएचईएल ने सबसे अधिक स्टूडेंट को प्लेसमेंट दिया है। कंपनी ने छात्रों को 8.3 लाख रुपए का पैकेज ऑफर किया है, वहीं माइक्रोसॉफ्ट ने 4 स्टूडेंट को 10.49 लाख रुपये की पेशकश की है। फ्यूचर फस्र्ट ने 8.3 लाख रुपए सलाना पैकेज के रूप में 5 छात्रों का चयन किया है।
अंसल कंसट्रक्शन, टाटा स्टील, गूगल समेत कुछ अन्य बड़ी कंपनियों की ओर से अंतिम रिजल्ट घोषित किया जाना बाकी है। सरकारी संस्थानों की बात करें तो इंडियन नेवी व इंडियन एयरफोर्स भी कैंपस प्लेसमेंट के लिए आई थीं और उनकी ओर से भी अंतिम परिणामों का आना शेष है(दैनिक भास्कर,दिल्ली,3.11.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।