मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

03 नवंबर 2010

अमिताभ करेंगे किरोड़ीमल कॉलेज के ऑडिटोरियम का उद्घाटन

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन जनवरी में किरोड़ीमल कालेज आएंगे। इस खबर ने कालेज के छात्रों में अभी से उत्साह भर दिया है। छात्रों में बिग बी से मिलने व उनसे बात करने की चर्चा शुरू हो गई है। बता दें कि अमिताभ बच्चन किरोड़ीमल कालेज के छात्र रह चुके हैं, लिहाजा वे भी कालेज आकर अपनी पुरानी यादों को फिर से ताजा करेंगे। ऐसे में कालेज प्रशासन कालेज के पुराने ऑडिटोरियम को नया लुक देने व बेहतर व्यवस्था करने के लिए चार करोड़ रुपये से उसका पुनर्निर्माण कर रहा है, जिसका शुभारंभ अमिताभ बच्चन करेंगे। कालेज प्राचार्य डा. भीमसेन सिंह ने बताया कि अमिताभ किरोड़ीमल कालेज के ही छात्र रहे हैं। वे सन 1962 से 1965 तक कालेज में पढ़ाई कर चुके हैं। लिहाजा कालेज प्रशासन ने ऑडिटोरियम का शुभारंभ अमिताभ बच्चन से ही करवाने का निर्णय लिया है। इसका निमंत्रण अमिताभ को भेजा गया तो उन्होंने निमंत्रण पत्र को स्वीकार करते हुए आने की हामी भर दी है। कालेज प्राचार्य ने बताया कि उन्होंने फोन करके भी बिग बी को कालेज आने व ऑडिटोरियम का शुभारंभ करने का न्यौता दिया है। हालांकि तारीख अभी तय नहीं हुई हैं लेकिन संभवत: 5 से 10 जनवरी के बीच का दिन हो सकता है। उधर, कालेज के छात्र अनुभव, सुमन, स्वाति आदि का कहना है कि उन्हें अभी से ही अमिताभ बच्चन से मिलने की बेकरारी बढ़ती जा रही है। उन्हें बिग बी से क्या पूछना है इस पर अभी से ही सोचना शुरू कर दिया है। कालेज के शिक्षक प्रो. कुमार अमरेंद्र सिंह का कहना है कि अमिताभ की आने की खबर ने शिक्षकों को भी खासा उत्साहित कर दिया है(दैनिक जागरण,दिल्ली,3.11.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।