मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

10 नवंबर 2010

झारखंडःनिजी मेडिकल कालेज के लिए एक ही संस्था खरी !

निजी मेडिकल कालेज खोलने को अनुदान व एनओसी देने के लिए एकमात्र संस्था काउंसिल फार एग्रीकल्चर इंडस्ट्रलाइजेशन एंड रूरल इम्प्लायमेंट (सीएआईआरई) को ही योग्य पाया गया है। बताया जाता है कि यह संस्था पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की है। शेष बारह संस्थाओं में किसी के पास पर्याप्त जमीन अथवा अपना अस्पताल नहीं है। सभी को निर्धारित मानक पूरा करने को कहा गया है। मानक पूरा करने पर ही उनके प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग में मंगलवार को संस्थाओं को अनुदान देने को लेकर चर्चा हुई। स्वास्थ्य सचिव एके सरकार की अध्यक्षता में एनआरएचएम निदेशक आराधना पटनायक, निदेशक प्रमुख डा. अंजलि दास व विशेष सचिव पीसी मिश्रा आदि की उपस्थिति में हुई इस बैठक में संस्थाओं ने अपने-अपने प्रजेंटेशन दिए। स्वास्थ्य सचिव के अनुसार बाकी संस्थाओं को जमीन व अस्पताल होने का मानक पूरा करने को कहा गया है। मानक पूरा करने के बाद उनके प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। हालांकि अनुदान देने के लिए जारी विज्ञापन में जमीन, अस्पताल व आधारभूत संरचना के लिए अनुदान देने की बात कही गई थी लेकिन बैठक में बीस एकड़ जमीन व तीन सौ शय्या वाले अस्पताल की उपलब्धता को मानक बताया गया। इस पर कई संस्थाओं ने संयुक्त रूप से मानक पूरा करने की बात कही। दूसरी तरफ चयनित संस्था सीएआईआरई के प्रतिनिधि ने तीन सौ शय्या वाले अस्पताल के लिए बीसीसीएल के अस्पताल से टाई अप होने की बात कही है। बैठक में तेरह में सात संस्थाओं के ही प्रतिनिधि उपस्थित हो सके(दैनिक जागरण,रांची,10.11.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।