प्रदेश में एक और निजी विश्वविद्यालय खोलने की कवायद चल रही है। प्रस्तावित विश्वविद्यालय का नाम शिव नाडर विश्वविद्यालय है और उसे गौतम बुद्ध नगर जिले में स्थापित करने की योजना है। विश्वविद्यालय की स्थापना के सम्बंध में प्रायोजक संस्था के प्रस्ताव का परीक्षण करने के बाद शासन ने संस्था को इस आशय पत्र जारी कर दिया है।
शिव नाडर फाउन्डेशन, 44 फ्रेन्ड्स कालोनी, नयी दिल्ली ने शासन को गौतम बुद्ध नगर में शिव नाडर विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव भेजा था। फाउन्डेशन ने शासन को बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम ने उसे गौतम बुद्ध नगर की दादरी तहसील के गांव चिटेहरा में इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी इन्स्टीट्यूट खोलने के लिए 286.292 एकड़ जमीन आवंटित की है।
जमीन गाजियाबाद-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर है जिस पर विश्वविद्यालय के निर्माण का प्रस्ताव है। शिव नाडर फाउन्डेशन के प्रस्ताव का परीक्षण करने के लिए शासन ने तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। समिति में उच्च शिक्षा विभाग की विशेष सचिव अनीता मिश्र, मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कृषि वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रो.बी.रमेश और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी मेरठ शामिल थे। समिति ने शिव नाडर फाउन्डेशन के प्रस्ताव का परीक्षण करने के बाद शासन को अपनी रिपोर्ट सौंपी। समिति की ओर से शासन को बताया गया है कि शिव नाडर फाउन्डेशन ने विश्वविद्यालय की स्थापना के मकसद से दस करोड़ रुपये की विन्यास निधि पंजाब नेशनल बैंक में जमा की है।
समिति की रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद शासन ने शिव नाडर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए फाउन्डेशन को आशय पत्र जार कर दिया है। गौरतलब है कि शिव नाडर फाउन्डेशन द्वारा बुलंदशहर में संचालित विद्याज्ञान स्कूल में उत्तर प्रदेश के गांवों के मेधावी बच्चों को कक्षा छह से बारह तक की नि:शुल्क शिक्षा दी जा रही है(दैनिक जागरण संवाददाता,लखनऊ,22.11.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।