मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

22 नवंबर 2010

वाराणसीःपटना की संस्था ने मर्चेंट नेवी के प्रशिक्षण के लिए मांगा पैसा,छात्र भड़के

मर्चेट नेवी के विभिन्न पदों का प्रशिक्षण देने वाली पटना की एक संस्था द्वारा संचालित ट्रेनिंग कोर्स में दाखिले के लिए वाराणसी में रविवार को आयोजित परीक्षा में धनवसूली को लेकर परीक्षार्थी भड़क उठे। केंद्रीय कारागार रोड (शिवपुर) स्थित एक विद्यालय में पूर्वाह्न 10 बजे आयोजित परीक्षा में लगभग 100 से अधिक परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया और उसके बाद परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर शिवपुर पुलिस पहुंच गई और मामले को किसी तरह शांत कराया। परीक्षा संचालित कराने आए दो लोगों को पुलिस पकड़कर साथ ले गई। हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। शिवपुर के थानाध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा के मुताबिक संचालकों से पूछताछ की गई जिसमें कोई संदेहास्पद तथ्य सामने नहीं आया। उनके अनुसार इस मामले में किसी परीक्षार्थी ने कोई शिकायत भी दर्ज नहीं कराई। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि परीक्षा आयोजन के बाबत पुलिस या प्रशासन को सूचना नहीं दी गई थी, जबकि ऐसा किया जाना चाहिए था। दूसरी ओर परीक्षा में शामिल आजमगढ़ के देवेन्द्र नाथ चौहान, मोहन प्रसाद, फतेहपुर के जय नारायन शर्मा, अंबेडकर नगर के विकास कुमार शुक्ला, इलाहाबाद के अरविंद कुमार आदि छात्रों का कहना था कि संस्था ने नेवी में डेक रेटिंग, इंजन रेटिंग व सी मैन पद के प्रशिक्षण के लिए कुल 340 सीटों पर दाखिले के लिए परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा केंद्र पर लगभग 900 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि प्रत्येक छात्र से 300 रुपये नगद जमा कराया जा रहा था लेकिन इसकी रसीद नहीं दी जा रही थी। इतना ही नहीं, अभ्यर्थियों को भेजा गया बुलावा-पत्र व पता लिखा लिफाफा भी जमा करा लिया गया, जबकि परीक्षा संचालकों का कहना था कि बुलावा-पत्र व पता लिखा लिफाफा इसलिए जमा कराया गया था ताकि अभ्यर्थियों को दोबारा बुलाया जा सके। हालांकि संचालकों ने प्रति छात्र 300 रुपये लेने की बात पर कुछ बोलने से इंकार कर दिया(दैनिक जागरण,वाराणसी,22.11.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।