मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

22 नवंबर 2010

हरियाणाःविश्वविद्यालयों में होगा कॉलेजों का बंटवारा

हरियाणा के विश्वविद्यालयों में काम का दबाव कम करने के उद्देश्य से तकनीकी व गैर तकनीकी कालेजों का बंटवारा किए जाने का प्रस्ताव है। राज्य के सभी इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट (तकनीकी) कालेज कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय व महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से हटाकर गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं तकनीकी विश्वविद्यालय हिसार को सौंपे जाएंगे। हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिले के डिग्री कालेज (सामान्य महाविद्यालयों) को चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के साथ जोड़े जाने की योजना है। इन तीनों जिलों के महाविद्यालय अभी तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के साथ जुड़े हैं। 

सोनीपत जिले के महाविद्यालयों को दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं तकनीकी विश्वविद्यालय मुरथल (सोनीपत) और भगत फूलसिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर के साथ जोड़ने की योजना है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय हिसार पर इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट तथा सामान्य कालेजों के बढ़ते दबाव को कम करने के उद्देश्य से यह बंटवारा किया जा रहा है। अभी तक कुरुक्षेत्र और रोहतक विश्वविद्यालयों के अधीन करीब एक हजार कालेज हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ इस संबंध में राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की बैठक हो चुकी है। तीन दिन पहले तकनीकी शिक्षा निदेशक ने भी कुलपतियों की बैठक में कालेजों के बंटवारे के मसौदे पर बातचीत की है। उच्चतर व तकनीकी शिक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इन बैठकों में कालेजों के बंटवारे के प्रस्ताव को सहमति दे दी गई है। 

इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक रूप से कभी भी लागू किया जा सकता है। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय हिसार के अधिकार क्षेत्र में 200 से अधिक तकनीकी कालेज आ जाएंगे, जबकि चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के दायरे में 50 से अधिक सामान्य महाविद्यालय आने वाले हैं। इस बंटवारे से अधिक दबाव झेल रहे विश्वविद्यालयों का दबाव कम हो जाएगा, वहीं दूसरे विश्वविद्यालयों को समान कार्य हासिल हो सकेगा। तकनीकी शिक्षा निदेशक के साथ बैठक के बाद गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (गुजवि) हिसार के कुलपति डा. मुनि लाल रंगा और भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर की कुलपति डा. पंकज मित्तल आस्ट्रेलिया में 25 नवंबर तक होने वाली उच्चस्तरीय कांफ्रेंस में भागीदारी के लिए चले गए हैं। मुख्यमंत्री से मिलेंगे विश्वविद्यालयों के शिक्षक : फेडरेशन आफ हरियाणा यूनिवर्सिटीज टीचर्स एसोसिएशन की गुजवि हिसार में हुई बैठक में छठे वेतन आयोग की सिफारिशें यूजीसी द्वारा पूरी तरह से लागू नहीं करने पर आपत्ति जताई गई(अनुराग अग्रवाल,दैनिक जागरण,चंडीगढ़,22.11.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।