सुपर-30 के संस्थापक व गणितज्ञ आनंद कुमार और हॉलीवुड के मशहूर फिल्मकार जेम्स कैमरन अगले महीने होने वाले अंतरराष्ट्रीय इंक कांफ्रेंस के दौरान एक-दूसरे से मुखातिब होंगे। इस दौरान वे अपने अनुभवों को साझा करेंगे। अपने-अपने क्षेत्र में माहिर दोनों हस्तियां 10 से 12 दिसंबर तक महाराष्ट्र के शहर लवासा में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में एक साथ मंच पर विराजमान रहेंगी। इंक कांफ्रेंस का आयोजन टेक्नोलॉजी इंटरटेनमेंट एंड डिजाइन (टेड) के सहयोग से किया जा रहा है। सम्मेलन की आयोजन समिति की प्रभारी दीप्ति नायर के अनुसार, कैमरन और आनंद जैसी हस्तियों को देखने और सुनने को लेकर लोगों में भारी उत्सुकता है।
ऑस्कर से सम्मानित हॉलीवुड निर्माता-निर्देशक जेम्स कैमरन और गणितज्ञ आनंद को अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने के चलते इंक कांफ्रेंस में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। दोनों हस्तियां अपनी कल्पना को धरातल पर उतारने के लिए प्रसिद्ध हैं। कैमरन टाइटैनिक, अवतार और द टर्मिनेटर जैसी चर्चित फिल्मों के निर्माता रहे हैं। इंक कांफ्रेंस के दौरान जेम्स कैमरन से अपनी संभावित मुलाकात को लेकर आनंद कुमार बेहद उत्साहित हैं। बातचीत में उनका कहना था कि एक बिहारी होने के नाते ऐसे ख्याति प्राप्त लोगों से मिलना और एक मंच पर विराजमान होना उनके लिए गर्व की बात है। कुमार ने बताया कि सुपर 30 की स्थापना 2002 में गरीब तबके के छात्र-छात्राओं को आइआइटी तक पहुंचाने के लिए की गई थी।
आगे की योजना बताते हुए आनंद ने कहा कि वे कक्षा छह से ही छात्र-छात्राओं को आइआइटी के लिए तैयार करना चाहते हैं। इस दिशा में उन्होंने तैयारी भी शुरू कर दी है। वे अधिक से अधिक बच्चों को इंजीनियर बना सकेंगे। आनंद अपने कार्यो से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान हासिल कर चुके हैं। आनंद कैमरन से मुलाकात के दौरान बिहारी छात्रों की प्रतिभा के बारे में चर्चा करेंगे। कैमरन को बताएंगे कि बिहार के गरीब से गरीब छात्र अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर देश-दुनिया में सफलता के परचम लहरा रहे हैं। अगर उन्हें अच्छी तरह संवारा जाये तो वे हर क्षेत्र में काफी तेजी से आगे बढ़ सकते हैं। कैमरन से वे अपनी आगे की योजनाओं के बारे में भी बिस्तार से बातचीत करेंगे(दैनिक जागरण,पटना,22.11.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।