जिन बातों का वास्ता देकर राजधानी के पब्लिक स्कूलों ने भारी भरकम फीस बढ़ोत्तारी के साथ ही कई मनमाने फैसले लिए थे, अब वही उनके गले की फांस बनने जा रही हैं। शिक्षा निदेशालय ने पब्लिक स्कूलों से 12 सवालों का जवाब मांगा है, जिससे स्कूलों के प्रबंधकों में हड़कंप मचा है। शिक्षा निदेशालय की इस कार्रवाई को शिक्षा के अधिकार कानून के तहत 25 फीसदी गरीबी कोटे से इनकार कर रहे पब्लिक स्कूलों को राह पर लाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। मंगलवार को जारी इस आदेश का स्कूलों को 10 जनवरी तक जवाब देना है।
शिक्षा निदेशालय के निर्देश पर उप-शिक्षा निदेशक अपने-अपने जोन में आने वाले स्कूलों से ये जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं। उप-शिक्षा निदेशक द्वारा पब्लिक स्कूलों को भेजे गए पत्र में प्रबंध कमेटी, शिक्षकों की शिक्षा, वेतन से लेकर हर चीज की जानकारी मांगी गई है। निदेशालय ने जिन 12 सवालों का जवाब मांगा है, उनमें स्कूलों के प्रबंध कमेटी के सदस्यों और सोसायटी के सदस्यों के नाम और उनके पिता का नाम भी पूरे पते के साथ मांगा गया है। सदस्यों के आपस में रिश्ते, स्कूल के प्रबंधक और चेयरमैन का नाम और उनका स्कूल के प्रिंसिपल से क्या रिश्ता है, यह भी दस्तावेजों के साथ बताना होगा। स्कूल में बीते पांच साल में बीएड, इटीइ और जेबीटी प्रशिक्षित कितने शिक्षक रखे गए, उनके नाम जो 27 साल की उम्र के अंदर हैं। बीते पांच सालों में कितने अप्रशिक्षित व अयोग्य शिक्षक स्कूल में रखे गए, उनकी भी पूरी जानकारी।
आगे निदेशालय ने स्कूलों से पूछा है कि वह कितने शिक्षकों को पूरा वेतन बैंक एकाउंट के जरिये देता है, इसका वर्ष 2006 से 2010 तक का विवरण देना है। स्कूल अपने कितने शिक्षकों को छठे वेतन आयोग के हिसाब से वेतन देता है, उनका टीडीएस काटे जाने की जानकारी 31 मार्च 2010 तक की मांगी गई है। निदेशालय ने स्कूल से पूछा है कि स्कूल में कितने शिक्षक और प्रिंसिपल की नियुक्ति बिना सलेक्शन कमेटी के की गई है,कितनी नियुक्ति सलेक्शन कमेटी के माध्यम से हुई है और कमेटी की बैठकों का पूरा ब्योरा , छठा वेतन आयोग लागू होने के बाद स्कूलों द्वारा बीते साल की गई फीस बढ़ोतरी की पूरी जानकारी और इसके लिए प्रबंध कमेटी की बैठक की पूरी जानकारी, छठा वेतन आयोग लागू करने की तारीख, वर्ष 2005 से कक्षा के हिसाब से फीस का ढांचा और इसके साथ पैरेंट्स-टीचर एसोसिएशन बैठक का विवरण। अंत में गरीबी कोटे के तहत किए गए पांच सालों में दाखिले का विवरण और इसमें अपनाए गए लाटरी सिस्टम का पूरा ब्यौरा(विभूति कुमार रस्तोगी,दैनिक जागरण,दिल्ली,31.12.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।