मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

31 दिसंबर 2010

दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालयः420 छात्रों का प्रवेश ले सकेंगे महाविद्यालय

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालय स्नातक कक्षाओं में अब 187 की जगह 420 छात्रों का प्रवेश ले सकेंगे। इसी के साथ ही इस क्षेत्र के अभ्यर्थियों के प्रवेश की समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी। इसके पहले शासन 20 प्रतिशत सीट वृद्धि कर चुका है। ऐसे में महाविद्यालयों की स्नातक कक्षाओं में सीट संख्या बढ़कर 504 हो जाएगी। इस आशय का शासनादेश गुरुवार को विश्वविद्यालय में पहुंच गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव विमल किशोर गुप्ता ने 29 दिसंबर को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलसचिव को प्रेषित पत्र के जरिए विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालयों के लिए सीट निर्धारण सम्बंधी शासनादेश निर्गत किया है। शासनादेश में लिखा है कि स्ववित्तपोषित महाविद्यालय प्रबंधक महासभा ने यह बात संज्ञान में दी है कि गोरखपुर विश्वविद्यालय की प्रथम परिनियमावली के नियम 13.26 के अनुसार सम्बद्ध महाविद्यालयों को प्रति विषय 80 छात्र संख्या के आधार पर सीटें आवंटित करने की व्यवस्था है। परन्तु विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक स्तर पर 07 विषय में 80 छात्र के हिसाब से 560 छात्रों को 3 से विभाजित कर अधिकतम 187 छात्र व सीटें आवंटित की जा रही हैं। यह त्रुटिपूर्ण एवं वर्णित व्यवस्था के विपरीत है।
प्रबंधक महासभा की इस बात पर विचार करने के बाद शासन ने निर्णय लिया है कि विश्वविद्यालय की प्रथम परिनियमावली के नियम 13.26 के अनुसार सम्बद्ध महाविद्यालयों को स्नातक स्तर पर एक स्वीकृत शिक्षक पर न्यूनतम 60 छात्र के हिसाब से 07 शिक्षकों पर 420 छात्रों का प्रवेश सुनिश्चित किया जाय। शासन ने इस निर्देश का अनुपालन तत्काल सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही कृत कार्यवाही से अवगत कराने को भी कहा है(दैनिक जागरण,गोरखपुर,31.12.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।