मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

31 दिसंबर 2010

दिल्लीःनर्सरी दाखिला प्रक्रिया कल से,दुरुस्त कर लें दस्तावेज

बच्चों के नर्सरी में दाखिले की घड़ी नजदीक आने के साथ ही अभिभावकों के दिल की धड़कनें तेज हो रही हैं। पसंदीदा स्कूल में दाखिले को लेकर अनिश्चितता की स्थिति के कारण वे तनाव में भी हैं। वैसे भी सभी स्कूलों में गरीबी कोटा लागू होने से सामान्य श्रेणी की सीटें कम हो गई हैं। लेकिन दाखिले की चिंता करने के बजाए अभिभावक तैयारी में लग जाएं। पहली जनवरी से दाखिले के लिए आवेदन पत्र मिलने लगेंगे।
राजधानी के दो हजार मान्यता प्राप्त छोटे-बड़े पब्लिक स्कूलों की दो लाख सीटों के लिए दाखिला प्रक्रिया पहली जनवरी से शुरू हो रही है। स्कूलों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। साथ ही स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे सभी जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी जरूर करवा लें। फार्म लेने के लिए पहली या तीन जनवरी को जब स्कूल आएं तब इन दस्तावेज को साथ रखें। इससे स्कूल प्रशासन के साथ अभिभावकों को भी काफी सहूलियत होगी।
राजधानी में नर्सरी की पढ़ाई कराने वाले करीब दो हजार पब्लिक स्कूल हैं। इनमें से 800 स्कूल नगर निगम और 1150 स्कूल दिल्ली सरकार के पास पंजीकृत हैं। शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि स्कूल दाखिले का पूरा ब्योरा स्कूल के नोटिस बोर्ड पर लगाएं। दाखिला प्रक्रिया पर निदेशालय की नजर रहेगी।
इन तारीखों को रखें याद
दाखिला प्रक्रिया : पहली जनवरी से 31 मार्च तक
फार्म की बिक्री और जमा : पहली जनवरी से 15 जनवरी (कुछ स्कूलों में अलग)
चयनित छात्रों की पहली सूची, प्रतीक्षा सूची के साथ : 1 फरवरी
चयनित छात्रों की दूसरी सूची, प्रतीक्षा सूची के साथ : 28 फरवरी(दैनिक जागरण,दिल्ली,31.12.2010)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।