पटना के पुलिस महकमे में शीघ्र 550 जवानों की बढ़ोत्तरी होगी। आचार संहिता खत्म होते ही बंद प्रक्रिया फिर शुरू हो गयी है। पुलिस कप्तान बच्चू सिंह मीणा की देखरेख में दो दिनों के अंदर 265 जवानों की नियुक्ति हो चुकी है। खास बात यह है कि देर रात तक नियुक्ति का काम शुरू है। सीनियर एसपी बच्चू सिंह मीणा ने बताया कि दो दिनों के अंदर 265 जवानों की नियुक्ति की गयी है। बुधवार से पुलिस अस्पताल में मेडिकल जांच होगी। बताते चलें कि चुनाव के पूर्व 550 कांस्टेबलों की भर्ती की परीक्षा हो चुकी थी, इसी बीच आदर्श आचार संहिता लागू होने के चलते बहाली प्रक्रिया पर विराम लग गया था। आचार संहिता खत्म होते ही बंद प्रक्रिया तेजी से शुरू हो गयी और दो दिनों में ढ़ाई सौ से ज्यादा जवानों की नियुक्ति का काम पूरा हो गया है। मूल प्रमाण पत्र के साथ अन्य कागजों का सत्यापन किया गया। एक ही दिन यानी सोमवार को एसएसपी श्री मीणा की देखरेख में 165 जवानों की नियुक्ति की गयी। अब इन जवानों की मेडिकल जांच का दौर शुरू होगा। बताया जाता है कि जांच होने के बाद ट्रेनिंग के लिए भेजा जायेगा। इनमें होमगार्ड के जवान भी शामिल हैं(दैनिक जागरण,पटना,1.12.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।