मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

31 दिसंबर 2010

लखनऊ विविःजानकारी न होने से छूटी विधि छात्रों की परीक्षा

शैक्षिक कलेंडर के हिसाब से जाड़े की छुट्टियों में विधि परीक्षा कराने का निर्णय विधि छात्रों पर भारी पड़ रहा है। आनन-फानन में घोषित हुए कार्यक्रम और जानकारी के अभाव में बड़ी संख्या में विधि छात्रों की परीक्षा छूट गई। उधर श्री जयनारायण पीजी कॉलेज में आठ जनवरी को होने वाली परीक्षा के केंद्र को लेकर भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इस दिन कॉलेज का स्थापना दिवस है और प्राचार्य ने इस दिन किसी भी सूरत में परीक्षा न आयोजित कर सकने की बात कही है। लखनऊ विश्र्वविद्यालय में शैक्षिक कलेंडर के हिसाब से विधि की परीक्षाएं नहीं हुई। जाड़े के अवकाश के बीच 28 दिसंबर से परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया। इसकी जानकारी दूर-दराज के जिलों मे रहने वाले विद्यार्थियों को नहीं हो सकी। लिहाजा रोज परीक्षा छूटने की शिकायतें आ रही हैं। श्री जयनारायण पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ.एसडी शर्मा ने बताया कि विधि प्रथम सेमेस्टर के तीस विद्यार्थी अपनी पहली परीक्षा से वंचित हो चुके हैं। ऐसी ही दर्जनों शिकायतें अन्य सेमेस्टर के विद्यार्थियों की भी हैं। उन्होंने समय से प्रवेश पत्र भी उपलब्ध न होने की बात कही। परीक्षा से एक दिन पहले छात्रों को प्रवेश पत्र मिला। उधर कॉलेज में होने वाली आठ तारीख की परीक्षा पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। इस दिन कॉलेज का स्थापना दिवस है। डॉ. शर्मा ने परीक्षा नियंत्रक को पत्र लिखकर इस बारे में अपनी आपत्ति दर्ज करा दी थी, लेकिन विवि अभी तक इस पर कोई निर्णय नहीं ले सका है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. यशवीर त्यागी ने इस पर जल्द ही कोई निर्णय होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आठ जनवरी की परीक्षा का केंद्र बदला जा सकता है(दैनिक जागरण,लखनऊ,31.12.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।