मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

03 दिसंबर 2010

राजस्थानःसरकारी क्षेत्र में अब रोजगार अपार

शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं के लिए आगामी कुछ माह स्वर्णिम सौगातें लेकर आएंगे। राज्य सरकार आरएएस, शिक्षक, डॉक्टर, पुलिस, ग्राम सेवक भर्ती के जरिए हजारों रिक्त पदों पर भर्ती करने जा रही है।

प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए लंबे अर्से बाद सरकारी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर खुलने जा रहे हैं। राज्य सरकार ने हजारों की संख्या में रिक्त विभिन्न पद भरने के लिए कवायद शुरू कर दी है।

वहीं राज्य सरकार की ओर से नए औद्योगिक क्षेत्र शुरू करने के बाद अगले वर्ष कई नए उद्योग भी स्थापित होंगे, जिससे निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

आरएएस
राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) आरएएस के 821 पदों के लिए परीक्षा आयोजित कर रहा है। ये परीक्षाएं 28-29 दिसंबर को होंगी। इस परीक्षा का परिणाम नए वर्ष में आएगा तथा युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में जाने का अच्छा अवसर मिलेगा। प्रदेश के हजारों युवा इस परीक्षा में बैठने के लिए तैयारियों में जुटे हैं।

द्वितीय श्रेणी शिक्षक
आरपीएससी द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा भी दिसंबर में कराने की तैयारी में है। यह परीक्षा करीब सात हजार पदों के लिए होगी। यह भर्ती 2007 से अटकी हुई है। इस परीक्षा के बाद सरकारी नौकरी की आस रखने वाले युवाओं को राहत की उम्मीद है।


पुलिस उप-निरीक्षक
राज्य पुलिस में सब इंस्पेक्टरों के 395 पद भरने के लिए भर्ती होने जा रही है। इनमें 361 पद सब इंस्पेक्टर तथा 34 पद प्लाटून कमांडेंट के हैं। आरपीएससी इसके लिए अप्रैल-मई 2011 में परीक्षा आयोजित करेगा। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है।

ग्राम सेवक

राज्य सरकार ने ग्राम सेवक के 650 रिक्त पद भरने की भी घोषणा करदी है। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग इन पदों पर सीधी भर्ती करेगा। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 22 दिसंबर है। सीधी भर्ती से ये पद भी नए वर्ष में भरे जाने की उम्मीद है। इस पद के लिए स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण योग्यता रखी गई है। 



लिपिक संवर्ग 
इधर कर्मचारी चयन आयोग की ओर से 10+2 वर्ग उच्च माध्यमिक स्तर के लिए परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसके तहत लिपिक संवर्ग के सैकड़ों पदों पर नियुक्ति की जाएगी। यह परीक्षा 28 नवंबर को पूरे देश में आयोजित होने जा रही है।

निजी क्षेत्र
पिछले करीब 10 वर्षो से जोधपुर में एक भी नया औद्योगिक क्षेत्र स्थापित नहीं हुआ। इस कारण जोधपुर में नए उद्योग नहीं लग पाए। अब रीको ने शहर के आसपास 4 औद्योगिक क्षेत्र शुरू करने का निर्णय लिया है। यदि नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित हुए तो निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

कहीं अवसर तो कहीं परेशानी
जोधपुर.दिसंबर में द्वितीय श्रेणी शिक्षक, राजस्थान प्रशासनिक सेवा, पुलिस कांस्टेबल तथा वनरक्षक भर्ती परीक्षा से एक ओर हजारों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, वहीं इस दौरान करीब 300 से अधिक सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में पढ़ाई में व्यवधान आएगा।

इन प्रतियोगी परीक्षाओं में लाखों अभ्यर्थी भाग लेंगे। शिक्षा विभाग ने इनके आयोजन के लिए अभी से स्कूलों का चयन करना शुरू कर दिया है। 

हालांकि इनके चयन में विभाग के सामने कमरों और फर्नीचर की परेशानी आ रही है। इससे स्कूलों की सूची बनाने में विभागीय अधिकारियों को दिक्कतें आ रही है। ऐसे में विभाग निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों का सहयोग लेकर उन्हें भी सेंटर बना रहा है। 

इन परीक्षाओं की तिथियों में एक-दो दिन का अंतर है। इस कारण कई जगहों पर तो वन विभाग, पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग को स्कूलें ही नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में संबंधित विभागों के अधिकारी शहर के नजदीक और अच्छी स्कूलों में परीक्षाएं करवाने के लिए भाग-दौड़ कर रहे हैं। 

बच्चों की पढ़ाई चौपट 
अगले वर्ष 3 से 15 जनवरी तक अधिकांश स्कूलों में अर्ध वार्षिक परीक्षा होगी। इसमें करीब सात लाख विद्यार्थी भाग लेंगे। दिसंबर में इन बच्चों की परीक्षा भी होगी और साथ ही प्रतियोगी परीक्षा केंद्र को लेकर अफसरों की रोजाना आवाजाही भी रहेगी। इससे बच्चों की पढ़ाई चौपट होगी। 

तैयारी चल रही है 

"दिसंबर माह में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन होगा। इसकी तैयारी चल रही है। "

प्रेमचंद सांखला, अतिरिक्त जिला शिक्षा (माध्यमिक) अधिकारी

कब कौनसी परीक्षा 
19 से 22 दिसंबर: द्वितीय श्रेणी शिक्षक 

26 दिसंबर: वन रक्षक भर्ती परीक्षा 

28 व 29 दिसंबर: राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) 

23 जनवरी: पुलिस कांस्टेबल(दैनिक भास्कर,जोधपुर,3.12.2010)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।