मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

17 दिसंबर 2010

पंजाब तकनीकी विश्वविद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों का दाखिला रद्द

पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (पीटीयू) से एफिलिएटेड कालेजों के बी टेक पहले सेमेस्टर के सैकड़ों विद्यार्थियों के दाखिले रद्द हो गए हैं। इनमें ज्यादातर विद्यार्थी जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश स्कूल बोर्ड से 12वीं की परीक्षा देने वाले हैं। इसमें कुछ कंपार्टमेंट तो कुछ रिजल्ट लेट (आरएल) से जुड़े केस शामिल हैं।

प्रभावित विद्यार्थियों ने बताया कि पीटीयू ने 12वीं के दस्तावेज चेक करवाने के लिए 31 अक्तूबर 2010 की तारीख दी थी। इस बीच कंपार्टमेंट की परीक्षाएं देरी से होने के कारण जम्मू एंड कश्मीर व हिमाचल प्रदेश स्कूल बोर्ड ने परिणाम देरी से घोषित किए। विद्यार्थियों के मुताबिक उक्त दोनों बोर्ड में से हिमाचल में परिणाम नवंबर के दूसरे सप्ताह व जेएंडके में परिणाम गत सप्ताह घोषित किया गया है। अब पीटीयू ने इन विद्यार्थियों का दाखिला रद्द कर दिया है। इन्हें 9 दिसंबर से शुरू हुई पहले सेमेस्टर की परीक्षाओं में बैठने के लिए रोल नंबर जारी नहीं हुआ। विद्यार्थियों ने मांग उठाई कि प्रबंधन दाखिले व योग्यता जांचने की तारीख बढ़ाकर 31 दिसंबर करे।

प्रबंधन का नजरिया
पीटीयू के वाइस चांसलर डा. रजनीश अरोड़ा ने बताया कि नियमों के मुताबिक दाखिले अगस्त माह तक लिए जाते हैं, मगर पीटीयू ने अनुपूरक परीक्षा परिणाम को देखते हुए ही 31 अक्तूबर तक योग्यता चेक व दाखिले की अनुमति दे रखी थी। अब तारीख आगे नहीं बढ़ाई जा सकती थी। मगर प्रभावित विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए पांच सदस्यों की एक कमेटी का गठन किया है। कमेटी विदेशों की तर्ज पर समर स्कूल स्कीम व साल में दो बार दाखिला देने के पहलुओं पर सहमति बनाएगी। समर स्कूल के तहत इन विद्यार्थियों को हाजिरी व पढ़ाई पूरी करवा पहले सेमेस्टर की कमी पूरी कर दी जाएगी, जबकि एक साल में दो बार दाखिले के तहत विद्यार्थियों को जनवरी में दाखिला दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों का साल खराब होने से बच जाएगा(दैनिक भास्कर,जालंधर,17.12.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।