माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से चयनित अभ्यर्थियों को विद्यालयों में जगह देने का निर्देश गुरुवार को माध्यमिक शिक्षा मंत्री रंगनाथ मिश्र ने दिया। जिला व मंडल स्तर के शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक में श्री मिश्र ने कहा कि यदि कॉलेजों के प्रबंधतंत्र इसमें देर कर रहे हों तो इन अभ्यर्थियों को शिक्षा विभाग के दफ्तरों में बैठा कर वेतन दिया जाए और भू-राजस्व की तरह प्रबंधतंत्र से इस वेतन की वसूली की जाए। मंत्री ने यह कार्यवाही पूरी कर 20 दिसंबर तक शासन को रिपोर्ट भेजने को कहा है। श्री मिश्र ने प्रबंधतंत्र द्वारा संचालित विद्यालयों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने बताया कि शिकायतों के मुताबिक दबंग लोग पुराने प्रबंधकों के खिलाफ दुष्प्रचार करके विद्यालय हड़पने का प्रयास करते रहते हैं लेकिन पुराने प्रबंधकों के साथ किसी तरह की नाइंसाफी नहीं होनी चाहिए। मंत्री ने सावित्री बाई फुले शिक्षा मदद योजना के लिए आवेदन पत्रों का तत्काल परीक्षण कर छात्राओं का चयन करने और उन्हें साइकिल व निर्धारित धनराशि उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि इसमें ढिलाई बरतने वाले अधिकारी दण्डित होंगे। बैठक में मौजूद माध्यमिक शिक्षा निदेशक संजय मोहन ने समय से सभी कार्यक्रमों को पूरा करने का आश्वासन मंत्री को दिया। माध्यमिक शिक्षा विभाग के नवनिर्मित भवन के सभागार में मासिक समीक्षा बैठक के दौरान श्री मिश्र ने यह उम्मीद भी जतायी कि 443.85 लाख रुपये की लागत से तैयार इस भवन में शिक्षा विभाग के अधिकारी स्वच्छ वातावरण में अच्छी सोच के साथ काम करेंगे(दैनिक जागरण,लखनऊ,17.12.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।